थाने से महज 150 मीटर दूर से महुआ लदी पिकअप वैन चोरी, सिमडेगा में चोरों ने पुलिस को दी खुली चुनौती
कोलेबिरा थाना से महज 150 मीटर दूर महुआ लदी एक पिकअप वैन चोरी हो गई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर ...और पढ़ें

कोलेबिरा थाना से 150 मीटर दूर महुआ लदी वैन चोरी। जागरण
HighLights
कोलेबिरा थाना से 150 मीटर दूर महुआ लदी वैन चोरी।
करीब डेढ़ लाख रुपये के महुआ के साथ पिकअप वैन गायब।
जागरण संवाददाता, कोलेबिरा (सिमडेगा)। कोलेबिरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब चोरों ने थाना से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित मुख्य सड़क पर खड़ी महुआ लदी पिकअप वैन चोरी कर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है।
जानकारी के अनुसार, कोलेबिरा मेन रोड निवासी दुर्गेश कुमार ने रविवार रात करीब 8 बजे अपनी पिकअप वैन (संख्या JH01EX-4968) में लगभग 60 बोरा महुआ लोड कर दिलीप किराना स्टोर के बाहर खड़ी की थी। वाहन में लदे महुआ की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। सोमवार सुबह वाहन को रांची ले जाना था।
सोमवार सुबह चालक वाहन लेने पहुंचा तो पिकअप वैन वहां नहीं मिली। उसने तत्काल वाहन मालिक दुर्गेश कुमार को सूचना दी। पहले उन्हें लगा कि वाहन कहीं और खड़ा होगा, लेकिन खोजबीन के बाद चोरी की पुष्टि हुई। इसके बाद दुर्गेश कुमार ने कोलेबिरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही कोलेबिरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और वाहन की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि कोलेबिरा थाना क्षेत्र में इससे पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। गांगुटोली रोड, नया बाजार के समीप से रवि नामक व्यक्ति की पिकअप वैन चोरी हो चुकी है। वहीं सारंगापानी स्कूल में दो बार कंप्यूटर, बैटरी एवं अन्य उपकरणों की चोरी की वारदात हो चुकी है। इसके अलावा 19 जून को लचरागढ़ स्थित आर.के. ज्वेलर्स से लाखों रुपये के जेवरात की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। थाना के इतने नजदीक से वाहन चोरी होने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।