अब गांव में मिलेगी बेहतर इलाज की सुविधा! सिमडेगा के दो स्वास्थ्य केंद्रों को मिला NQAS सर्टिफिकेट
सिमडेगा जिले के बांसजोर प्रखंड के बोंगेरा और बरडेगा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन मिला है। यह उपलब्धि ...और पढ़ें

सिमडेगा के दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर को NQAS प्रमाणन मिला। जागरण
HighLights
सिमडेगा के दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर को NQAS प्रमाणन मिला।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार से मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
संवाददाता सहयोग, सिमडेगा। आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन की नियमित मॉनिटरिंग, समीक्षा और फील्ड फॉलोअप का सकारात्मक परिणाम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में देखने काे मिला है। बांसजोर प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर बोंगेरा और बरडेगा ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक एनक्यूएएस के तहत प्रमाणन प्राप्त कर जिले को नई पहचान दिलाई है।
बोंगेरा केंद्र को 89.07 प्रतिशत तथा बरडेगा को 86.92 प्रतिशत अंक मिले हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में पहले दस्तावेजीकरण, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण और रोगी सेवाओं में सुधार की आवश्यकता महसूस की गई थी। इसके पश्चात प्रत्येक केंद्र का गैप असेसमेंट कराया, सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार की और स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित प्रशिक्षण व तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया।
नियमित समीक्षा बैठक, निरीक्षण, फील्ड मॉनिटरिंग और चेकलिस्ट आधारित मॉनिटरिंग से गुणवत्ता में लगातार सुधार की दिशा में कार्य हु़ए।पहले यहां प्रतिदिन 5 से 8 मरीज ओपीडी में पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 15 से 20 हो गई है। केंद्रों पर 24 घंटे आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी लगातार सेवाएं दे रहे हैं।
संस्थागत प्रसव की सुविधा मजबूत होने से सामान्य प्रसव स्थानीय स्तर पर सुरक्षित रूप से कराए जा रहे हैं तथा केवल जटिल मामलों को ही उच्च केंद्रों के लिए रेफर किया जा रहा है।
साथ ही स्वच्छता, जवाबदेही, रोगी-केंद्रित सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। अब जिले के अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
खबरें और भी
सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर को अपग्रेड करना है लक्ष्य :सीएस
इस संबंध में सिविल सर्जन सुंदर मोहन समद ने कहा कि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। अभी जिले के दो स्वास्थ्य उपकेन्द्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता मॉडल में शामिल किया गया है। उनकी पूरी स्वास्थ्य टीम प्रयासरत है कि जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेन्द्र को एनक्वास मानक के अनुरूप जल्द अपग्रेड किया जा सके।