विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिमडेगा में बारिश का कहर! कई घर हुए क्षतिग्रस्त, परिवारों पर टूटा मुसीबतों का पहाड़

Published: Wed, 19 Aug 2026 11:40 AM (IST)

सिमडेगा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और सड़कें ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. कई मिट्टी के घर ढहे, पेड़ गिरे, परिवार हुए बेघर।

  2. पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की।

संवाद सहयोगी, सिमडेगा। जिले में पिछले कई घंटों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई जगह पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जबकि सड़कों को भी नुकसान पहुंचने लगा है। मिट्टी के घरों के धंसने और पेड़ गिरने की घटनाओं से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।

वहीं बारिश के कारण अधिकांश लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। बोलबा प्रखंड में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण कई परिवारों के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया है। पिड़ियापोछ पंचायत के राजस्व ग्राम तलमंगा निवासी बबीता कुमारी, पिता स्व. देवराज सिंह का मिट्टी का मकान बारिश के कारण धराशायी हो गया।

लगातार पानी पड़ने से घर की दीवारें पूरी तरह गीली और कमजोर हो गई थी। अचानक मकान गिरने से बबीता के सामने रहने और परिवार की सुरक्षा की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़िता ने प्रखंड प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

वहीं मालसाड़ा पंचायत के खंडा निशान भंडार टोली निवासी अरुण धनवार, पिता स्व. जेरोम धनवार का मकान भी लगातार बारिश से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घर की दीवारों और अन्य हिस्सों में दरारें पड़ गई हैं। क्षतिग्रस्त मकान में रहने वाले परिवार को अब अनहोनी की आशंका सता रही है।

वहीं सदर प्रखंड के गरजा पंचायत अंतर्गत मुंजबेड़ा गांव में बारिश के बीच एक विशाल पेड़ घर पर गिर गया। इससे ग्रामीण के मकान को भारी नुकसान पहुंचा और घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था।

हादसे के बाद पूरा परिवार बेघर हो गया है और फिलहाल दूसरे के घर में शरण लेने को मजबूर है। इसके अलावा भी विभिन्न प्रखंडों से बारिश के कारण हुए नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। जिसमें ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।