झारखंड में जमीन विवाद में एक ही परिवार के 3 लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या,चाईबासा में 2 गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर ...और पढ़ें
HighLights
पश्चिमी सिंहभूम में जमीन विवाद में तिहरा हत्याकांड।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या।
पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर शव बरामद किए।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मृतकों के शव बरामद किए हैं। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
हत्या कर शव को छिपा दिया
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को रमिया दोरायबुरू ने टोंटो थाना में लिखित सूचना दी थी कि केन्जरा टोला तारोबबुरू निवासी उनके परिवार के तीन सदस्य लापता हैं और आशंका है कि अज्ञात अपराधियों ने जमीन विवाद के कारण उनकी हत्या कर शव को छिपा दिया है।
सूचना में मृतकों के रूप में राजिन दोरायबुरू (करीब 40 वर्ष), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (करीब 38 वर्ष) और राजिन के पिता काण्डे दोरायबुरू (करीब 72 वर्ष) का उल्लेख किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टोंटो थाना में कांड संख्या 19/2026, दिनांक 26 अगस्त 2026 को धारा 103(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई टीम
घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की गतिविधियों और घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के क्रम में पुलिस को घटना में स्थानीय लोगों की संलिप्तता का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने केन्जरा टोला तारोबबुरू में छापामारी कर बोंज दोरायबुरू (19 वर्ष), पिता महती दोरायबुरू तथा मुचिया दोरायबुरू (20 वर्ष), पिता मुन्दुआ दोरायबुरू को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर उस स्थान की तलाश की, जहां तीनों मृतकों के शव छिपाए गए थे। पुलिस टीम ने तीनों शव बरामद कर लिए।
घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश के दौरान पुलिस ने खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है। बरामदगी के बाद मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है।
जमीन विवाद को माना जा रहा हत्या का कारण
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या का कारण बताया गया है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना को किस परिस्थिति में अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ के आधार पर घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की घटना से टोंटो क्षेत्र के तारोबबुरू गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए हैं। बरामद शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
छापामारी दल में झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक प्रेमचन्द्र भगत, टोंटो थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रणधीर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुजूर तथा टोंटो थाना रिजर्व गार्ड शामिल रहे।
