Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जेवर चमकाने के बहाने बड़ाजामदा में ठगी, पाउडर में डालकर उड़ाई सोने की चेन; पुड़िया में थमा गए पत्थर

    Updated: Tue, 14 Apr 2026 01:39 AM (IST)

    बड़ाजामदा बाजार में दो ठगों ने जेवर चमकाने के बहाने एक घर से सोने की चेन चुरा ली। उन्होंने खुद को "उजाला रॉयल कंपनी" का कर्मचारी बताया। पहले तांबे की ...और पढ़ें

    जेवर चमकाने के बहाने बड़ाजामदा में ठगी

    जेवर चमकाने के बहाने बड़ाजामदा में ठगी

    HighLights

    1. जेवर चमकाने के बहाने घर में घुसे दो ठग।

    2. सोने की चेन चुराकर पुड़िया में पत्थर छोड़ गए।

    3. पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही, लोगों को किया सतर्क।

    संवाद सूत्र, नोवामुंडी। बड़ाजामदा बाजार क्षेत्र में ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो अज्ञात ठगों ने जेवर चमकाने के बहाने घर में घुसकर सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, बड़ाजामदा बाजार स्थित बड़ौदा बैंक के मिनी बैंक संचालक रंजीत कुमार वर्मा उर्फ चिंटू के घर दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे। 

    उन्होंने दरवाजा खटखटाकर खुद को “उजाला रॉयल कंपनी” का कर्मचारी बताया और सोने-चांदी, पीतल एवं तांबे के बर्तन व गहनों को चमकाने की बात कही। घर की महिलाओं ने उनकी बातों पर विश्वास करते हुए पहले एक तांबे की प्लेट दी, जिसे ठगों ने साफ कर वापस कर दिया। 

    चांदी के पायल भी चमकाकर लौटा दिए

    इसके बाद उन्होंने चांदी के पायल भी चमकाकर लौटा दिए, जिससे महिलाओं का भरोसा और बढ़ गया। इसी दौरान ठगों ने चालाकी से सोने की चेन मांगी और उसे एक पाउडर में डालकर महिलाओं से पानी लाने को कहा। जैसे ही महिलाएं अंदर गईं, दोनों ठग चेन लेकर फरार हो गए और उसकी जगह कागज की पुड़िया में पत्थर रखकर थमा दिया। जब महिलाओं ने पुड़िया खोली तो उसमें पत्थर देखकर उनके होश उड़ गए। 

    घटना की जानकारी तुरंत घर के अन्य सदस्यों को दी गई और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। 

    बिना सत्यापन किसी को घर में प्रवेश न दें

    फुटेज में दोनों ठगों की गतिविधियां कैद हुई हैं। वे आसपास के अन्य घरों में भी इसी तरह प्रवेश करने की कोशिश करते दिखे, हालांकि कुछ लोगों ने उन्हें भगा दिया। 

    खबरें और भी

    थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के अजनबियों से सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी को घर में प्रवेश न दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।