चाईबासा में सड़क हादसे में घायल भाजपा जिलाध्यक्ष की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
पश्चिमी सिंहभूम की भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू सिंहपोखरिया के पास एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनोवा कार को बचाने के प्रयास में उनकी ...और पढ़ें

सिंहपोखरिया के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल गीता बालमुचू का सीएचसी चाईबासा में चल रहा इलाज।
HighLights
इनोवा को बचाने के प्रयास में हुई दुर्घटना।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें, इलाज जारी।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम की भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू गुरुवार शाम सिंहपोखरिया के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दुर्घटना शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच हुई।
इनोवा को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में चिंता की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू जगन्नाथपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सांगठनिक बैठक समाप्त कर चार पहिया वाहन से वापस चाईबासा लौट रही थीं।
इसी दौरान सिंहपोखरिया के पास सामने से बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक इनोवा कार को बचाने के प्रयास में उनके चालक ने अचानक गाड़ी को मोड़ा। रफ्तार तेज होने के कारण वाहन पर से नियंत्रण खो गया और कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें, सीटी स्कैन कराया गया
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में गीता बालमुचू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें वाहन से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका इलाज जारी है।
अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, उनके सिर में अंदरूनी चोट लगी है और चेहरे पर भी गहरे जख्म हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति का सटीक आकलन करने के लिए सीटी स्कैन कराया गया है।
डॉक्टरों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही अंदरूनी चोट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा सकता है।
अस्पताल पहुंचे नेता और प्रशासनिक अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उनका हालचाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे। जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी स्थिति पर नजर रखने के लिए अस्पताल में मौजूद रहे।
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार इनोवा और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। भाजपा नेताओं ने गीता बालमुचू के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।