चाईबासा में 30 हाथियों के झुंड का गांव में तांडव, तीन घर ध्वस्त और 5 एकड़ धान की फसल बर्बाद
पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 30 हाथियों के झुंड ने ईपिलसिंगी गांव में उत्पात मचाया, जिससे तीन घर पूरी तरह ...और पढ़ें

चाईबासा में 30 हाथियों के झुंड का गांव में तांडव (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
संवाद सहयोगी, चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)। मंझारी प्रखंड के ईपिलसिंगी गांव में बुधवार देर शाम करीब 30 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव के किनारे स्थित तीन घरों को तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घर की एस्बेस्टस की छत क्षतिग्रस्त कर दी।
इसके अलावा आसपास के खेतों में लगी करीब पांच एकड़ धान की फसल को खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया। घटना से ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ है।
तीन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त
पीड़ित ग्रामीण धर्मेंद्र पूर्ति ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे हाथियों का झुंड गांव पहुंचा और घरों को निशाना बनाने लगा। इस दौरान तीन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक अन्य घर में लोग मौजूद थे। हाथियों ने उस घर की एस्बेस्टस की छत तोड़ दी।

घर के अंदर मौजूद लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों ने गांव के आसपास के खेतों में लगी करीब पांच एकड़ धान की फसल को नष्ट कर दिया। धान की खेती ग्रामीणों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
शिकायत देकर नुकसान की जानकारी दी
घटना के बाद धर्मेंद्र पूर्ति ने मंझारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी को शिकायत देकर नुकसान की जानकारी दी है। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का झुंड दोबारा गांव में प्रवेश कर सकता है।
उन्होंने प्रशासन से क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों और किसानों को उचित मुआवजा देने तथा हाथियों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
