यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: सारंडा में नक्सली हमला, IED विस्फोट में CRPF के SI हुए शहीद, एक जवान घायल
झारखंड के सारंडा में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ के एक सब-इंस्पेक्टर शहीद हो गए हैं। जबकि एक जवान घायल हुए हैं। घायल को रांची र ...और पढ़ें

HighLights
- एसआई सुनील कुमार मंडल व जवान पार्थ प्रतिम डे को एयरलिफ्ट कर भेजा गया रांची
- नक्सलियों को पकड़ने के लिए इलाके में लगातार चलाया जा रहा अभियान
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा में छोटानागरा थाना अंतर्गत वनग्राम मरांगपोंगा के आस-पास जंगली,पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये आइईडी विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ 193 बटालियन के एसआई सुनील कुमार मंडल बलिदान हो गये हैं।
बलिदानी सुनील कुमार मंडल पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर के रहने वाले थे। जख्मी जवान पार्थ प्रतिम डे पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा के रहने वाले हैं।

एक जवान का चल रहा इलाज
- इस विस्फोट में घायल सुरक्षाबल का जवान पार्थ प्रतिम डे रांची के अस्पताल में इलाजरत है। घटना शनिवार दोपहर में उस समय घटी जब सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों के खिलाफ सारंडा जंगल में सर्च अभियान चला रहे थे।
- इस दौरान हुए आइईडी विस्फोट में एसआई व जवान घायल हो गये थे। दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार कर हेलीकाप्टर से रांची भेजा गया था। वहां इलाज के क्रम में एसआई सुनील कुमार मंडल वीरगति को प्राप्त हो गये।
एसपी ने की घटना की पुष्टि
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा, कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील होने की सूचना पर चाईबासा पुलिस, कोबरा, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ बटालियनों की विभिन्न टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।

सुनील कुमार मंडल का फाइल फोटो
इस समय हुआ विस्फोट
इनके संबंध में विश्वस्त सूचना प्राप्त होने के आलोक में 4 मार्च से एक विशेष संयुक्त अभियान छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में प्रारंभ किया गया है।
अभियान के दौरान शनिवार को दोपहर लगभग 2.30 से 2.45 बजे अपराह्न के बीच छोटानागरा थानान्तर्गत वनग्राम मरांगपोंगा के आस-पास जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाया गया आइईडी विस्फोट हो गया।
जिसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ 193 बटालियन के एसआई, जीडी सुनील कुमार मंडल एवं एचसी, जीडी पार्थ प्रतिम डे जख्मी हो गये।
पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय, झारखण्ड, रांची एवं सीआरपीएफ झारखण्ड सेक्टर, झारखण्ड रांची के सहयोग से हेलीकाप्टर के माध्यम से तत्काल प्राथमिकी उपचार के पश्चात उक्त जख्मी पदाधिकारी व कर्मी को उच्चत्तर ईलाज के लिए रांची भेजा गया।
खबरें और भी
वहां एसआई सुनील कुमार मंडल वीरगति को प्राप्त हो गये। यहां बता दें कि 18 मार्च को भी सीआरपीएफ की 134 बटालियन के एसआई सुबोध कुमार आइईडी विस्फोट में घायल हो गये थे। चार दिनों में यह दूसरी घटना है जब सुरक्षाबलों को नुकसान उठाना पड़ा है।