झारखंड में टाटा स्टील के खदान के पास ट्रकों से डीजल चुराते युवक को ड्राइवरों ने पकड़ा, खूंटे से बांधकर पीटा
टाटा स्टील की काटामाटी खदान के पास ट्रकों से डीजल चोरी के आरोप में ड्राइवरों ने एक युवक को पकड़कर ...और पढ़ें

ट्रकों से डीजल चुराते युवक को चालकों ने पकड़ा
HighLights
काटामाटी खदान के पास ट्रकों से डीजल चोरी का प्रयास।
ड्राइवरों ने एक युवक को पकड़कर खूंटे से बांधकर पीटा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार व डीजल बरामद किया।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी। टाटा स्टील की काटामाटी खदान से लौह अयस्क लोडिंग के इंतजार में सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने के आरोप में वाहन चालकों ने एक युवक को पकड़ लिया। मंगलवार देर रात पकड़े गए युवक के हाथ-पांव खूंटे में बांधकर उसकी पिटाई की गई। इस दौरान उसके पांच अन्य साथी मौके से भागने में सफल रहे। आरोप है कि भागने के लिए युवक ने तीन राउंड गोली भी चलाई।
सूचना मिलने पर बिलईपदा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, काले रंग की हीरो होंडा बाइक, वाहनों से निकाला गया करीब 60 लीटर डीजल, एक चापड़ और दो रेंच बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जुगीनंदा पंचायत निवासी सोबोन चातर के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से पिटाई में घायल युवक को बासुदेवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पूछताछ के लिए ओपी ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के बयान के आधार पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार पांच आरोपितों की तलाश की जा रही है।
दो बाइक से पहुंचे थे छह लोग
वाहन चालकों से पूछताछ में पुलिस को बताया गया कि जोजो कैंप वाटर पंप से करीब एक किलोमीटर दूर मुर्गा जाने वाली सड़क के किनारे चालक अपने-अपने ट्रकों को खड़ा कर लौह अयस्क लोडिंग का इंतजार कर रहे थे।
देर रात दो बाइक पर छह लोग वहां पहुंचे और ट्रकों से डीजल निकालने लगे। ड्राइवरों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया।

आरोप है कि युवकों के पास देशी कट्टा और धारदार हथियार थे। उन्होंने विरोध करने पर गोली चलाने की धमकी दी। इसी दौरान पकड़े गए युवक ने अपने बचाव में तीन राउंड गोली चलाने की बात सामने आई है।

बाद में वाहन चालकों ने हिम्मत जुटाकर हथियार लेकर खड़े युवक को घेरकर पकड़ लिया और रस्सी से खूंटे में बांध दिया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई। भीड़ जुटने पर उसके पांच साथी मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक को नशे की हालत से बाहर लाने के लिए कुछ देर बहती नाली में भी लिटाया गया।
वारदात के बाद दिनभर बंद रही लौह अयस्क ढुलाई
काटामाटी खदान क्षेत्र में हुई घटना के बाद बुधवार को लौह अयस्क ढुलाई दिनभर बंद रही। ग्रामीणों ने टाटा स्टील प्रबंधन से खदान गेट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों ने इलाके में चार अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने, स्ट्रीट लाइट लगाने और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग रखी है।
