पश्चिम सिंहभूम में डायन के शक में महिला की गला दबाकर हत्या की कोशिश, मुखिया के घर भागकर पीड़िता ने बचाई जान
पश्चिम सिंहभूम के दुईआ गांव में रक्षाबंधन की रात एक महिला पर डायन बताकर गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया ...और पढ़ें

महिला की गला दबाकर हत्या की कोशिश (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नोवामुंडी के दुईआ गांव में महिला पर हमला।
रक्षाबंधन की रात डायन बताकर गला घोंटने का प्रयास।
पीड़िता ने मुखिया के पास पहुंचकर अपनी जान बचाई।
संवाद सूत्र,नोवामुंडी। पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के दुईआ गांव में रक्षाबंधन की रात अंधविश्वास के चलते एक महिला की गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 28 अगस्त की रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है।
दुईआ गांव निवासी 35 वर्षीय मंजू गोप गांव के ही एक व्यक्ति के घर से काम कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़े गांव के ही राम गोप उर्फ ऊंतू गोप ने उस पर हमला कर दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
महिला के गले पर चोट के निशान
महिला ने खुद को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया और किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाई।घटना के बाद भयभीत मंजू गोप भागकर गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल के घर पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। गला दबाए जाने के कारण महिला के गले पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद से वह काफी डरी हुई है। मंजू गोप ने आरोप लगाया कि राम गोप पिछले कई दिनों से उस पर डायन होने का आरोप लगा रहा था। पीड़िता का कहना है कि इसी अंधविश्वास के कारण उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया।
पीड़िता ने बताया कि वह 29 अगस्त को छोटानागरा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराएगी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
