चक्रधरपुर के मनोहरपुर अस्पताल परिसर में ₹5 में मिलेगा दाल-भात, मरीजों को मिलेगी राहत
चक्रधरपुर के मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 'जीवनधारा' केंद्र तैयार किया जा रहा है, जहां मरीजों और उनके परिजनों को महज पांच रुपये में दाल-भात मिलेगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
मनोहरपुर सीएचसी में 5 रुपये में दाल-भात मिलेगा।
मरीजों और परिजनों को अस्पताल परिसर में ही भोजन मिलेगा।
योजना का संचालन आशा स्वयं सहायता समूह करेगा।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनोहरपुर परिसर में सरकार की 5 रुपये की दाल-भात योजना के तहत ‘जीवनधारा’ केंद्र तैयार किया जा रहा है।
केंद्र के शुरू होने के बाद अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को महज पांच रुपये में दाल-भात उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के संचालन की जिम्मेदारी आशा स्वयं सहायता समूह को दी गई है।
मनोहरपुर प्रखंड के दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं। कई मरीजों के साथ उनके परिजन भी अस्पताल में घंटों अथवा कई दिनों तक रहते हैं।
ऐसे में भोजन की व्यवस्था करना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए परेशानी का कारण बनता है। अस्पताल परिसर में ही कम कीमत पर भोजन उपलब्ध होने से ऐसे लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
अस्पताल परिसर में मिलेगा सस्ता भोजन
जीवनधारा केंद्र के शुरू होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को भोजन के लिए अस्पताल से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सरकार की योजना के तहत निर्धारित दर पर दाल-भात उपलब्ध कराया जाएगा। इससे बाजार में भोजन खरीदने पर होने वाले अतिरिक्त खर्च में भी कमी आएगी।
आशा स्वयं सहायता समूह करेगा संचालन
जीवनधारा केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी आशा स्वयं सहायता समूह को दी गई है। समूह द्वारा भोजन तैयार करने से लेकर केंद्र के संचालन की व्यवस्था संभाली जाएगी।
स्थानीय स्वयं सहायता समूह को जिम्मेदारी मिलने से महिलाओं की भागीदारी के साथ रोजगार और स्वरोजगार का अवसर भी जुड़ रहा है।
गरीब मरीजों और ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी पहल है वहीं मनोहरपुर क्षेत्र के कई गांव सीएचसी से काफी दूर हैं। दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों को इलाज के साथ-साथ भोजन की व्यवस्था की चिंता भी रहती है। ऐसे में पांच रुपये में दाल-भात मिलने की सुविधा उनके लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
