नोवामुंडी में सड़क हादसा: पेड़ से टकराया गिट्टी लदा ट्रेलर, 2 घंटे तक फंसा रहा ड्राइवर
नोवामुंडी के गितिलोर गांव में देर रात एक गिट्टी लदा ट्रेलर डीजल टैंकर को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकरा गया। हादसे में ड्राइवर समरजीत कुमार दो घंटे त ...और पढ़ें

हादसे के बाद स्टीयरिंग के बीच फंसा ट्रेलर चालक।
HighLights
नोवामुंडी में गिट्टी लदा ट्रेलर पेड़ से टकराया।
ड्राइवर समरजीत कुमार दो घंटे तक केबिन में फंसा रहा।
जेसीबी की मदद से ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
संसू, नोवामुंडी। नोवामुंडी के गितिलोर गांव के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रहे डीजल लदे टैंकर को साइड देने के प्रयास में गिट्टी से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर करीब दो घंटे तक स्टीयरिंग के नीचे फंसा रहा।
जेसीबी की मदद से किया गया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही गोइलकेरा-नोवामुंडी क्षेत्र की स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में आई। सब-इंस्पेक्टर (SI) पूर्णिमा कुमारी दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं।
केबिन में फंसे ड्राइवर समस्तीपुर निवासी समरजीत कुमार को बाहर निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन का सहारा लेना पड़ा। करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
चालक को आईं गंभीर चोटें
हादसे के बाद घायल चालक को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नोवामुंडी स्थित टाटा स्टील अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, चालक के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं।
ओडिशा से आ रहा था ट्रेलर
अस्पताल में पूछताछ के दौरान चालक समरजीत कुमार ने बताया कि वह ओडिशा से ट्रेलर में गिट्टी लादकर जगन्नाथपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गितिलोर गांव के पास सामने से तेज गति से आ रहे टैंकर को बचाने के चक्कर में उसकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई।
राहत की बात यह रही कि टैंकर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वह सुरक्षित निकल गया, जबकि ट्रेलर पेड़ से टकरा गया। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है।