Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा में एटीएम कार्ड बदलकर पैसे उड़ाने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश; 12 लाख कैश के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 09:24 PM (IST)

    केन्दुझर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें चार सक्रिय सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। ...और पढ़ें

    केन्दुझर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी व बरामद किए गए सैकड़ों एटीएम कार्ड और नगद रुपए के साथ पीछे खड़े साइबर ठग।

    केन्दुझर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी व बरामद किए गए सैकड़ों एटीएम कार्ड और नगद रुपए के साथ पीछे खड़े साइबर ठग।

    HighLights

    1. केन्दुझर पुलिस ने एटीएम ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया।

    2. चार सदस्य गिरफ्तार, 12 लाख रुपये नकद और 232 एटीएम कार्ड जब्त।

    3. गिरोह ओडिशा में 30 से अधिक ठगी मामलों में संलिप्त था।

    संवाद सूत्र, बड़बिल। एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से पलक झपकते ही गाढ़ी कमाई उड़ाने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का केन्दुझर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। 
     
    अपराधियों के पास से काफी संख्‍या में एटीएम कार्ड, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह ओडिशा के विभिन्न जिलों में एटीएम कार्ड स्वैपिंग और वित्तीय धोखाधड़ी के 30 से अधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
     

    पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से विभिन्‍न बैंकों के 232 एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 लाख नकद रुपये, 09 स्मार्टफोन और एक कार जब्‍त की है। 

    पकड़े गए शातिर ठगों की पहचान बलराम साहू, मृत्युंजय मोहापात्र, मानस रंजन पाणि और पूर्ण चंद्र मलिक के रूप में हुई है। यह पूरा मामला केन्दुझर टाउन थाना से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्‍न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
     

    खेल समझिए: ऐसे देते थे ठगी को अंजाम

    पुलिस जांच और पूछताछ में आरोपियों ने अपने अनोखे तौर-तरीकों का खुलासा किया है:

    •     पिन की चोरी: गिरोह के सदस्य एटीएम केबिन के अंदर घुसकर पैसे निकालने आए ग्राहकों का पिन नंबर चोरी-छिपे देख लेते थे। 
    •     नजरें बदलना: इसके बाद मदद करने या बातचीत के बहाने ग्राहकों का ध्यान भटकाकर उनका असली एटीएम कार्ड बदल देते थे और उन्हें वैसा ही दूसरा फर्जी कार्ड थमा देते थे। 
    •     खाता साफ: ग्राहक के जाते ही असली कार्ड और पहले से देखे गए पिन का इस्तेमाल कर खाते से मोटी रकम उड़ा ली जाती थी। 

    अन्य राज्यों से जुड़े तार: पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी की बाकी रकम का पता लगाया जा सके। बरामद 232 एटीएम कार्डों की जांच की जा रही है, जिससे अन्य राज्यों में दर्ज मामलों का भी सुराग मिलने की उम्मीद है।