Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    होली के मौके पर बनाने हैं नरम और स्पंजी दही भल्ले, नोट कर लें यह आसान रेसिपी

    Updated: Sun, 01 Mar 2026 05:51 PM (IST)

    होली पर दही भल्ले भी बनाए जाते हैं। स्पंजी दही भल्ले बनाने के लिए आप इस आसान रेसिपी को फॉलो करें। ...और पढ़ें

    कैसे बनाएं दही भल्ले? (Picture Courtesy: Freepik)

    कैसे बनाएं दही भल्ले? (Picture Courtesy: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में त्योहारों का जिक्र हो और दही भल्लों की बात न हो, ऐसा मुमकिन नहीं है। उत्तर भारत की गलियों से लेकर शादी-ब्याह के शाही दस्तरखानों तक, दही भल्ले अपनी खास जगह रखते हैं। उड़द की दाल के नरम भल्ले, गाढ़ा दही और तीखी-मीठी चटनी का कॉम्बिनेशन स्वाद में लाजवाब लगता है।

    होली के मौके पर भी घर पर दही भल्ले बनाए जाते हैं। हालांकि, अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर भल्ले बाजार जैसे नरम नहीं बनते या उनके बीच में गांठ रह जाती है। आइए जानें दही भल्ले बनाने की आसान रेसिपी।

    सामग्री 

    भल्ले बनाने के लिए-

    • उड़द की दाल- 1 कप (बिना छिलके वाली)
    • मूंग की दाल- 1/4 कप 
    • हरी मिर्च और अदरक- बारीक कटे हुए
    • नमक- स्वादानुसार
    • हींग- एक चुटकी
    • तेल- तलने के लिए
    • परोसने के लिए-
    • दही- 500 ग्राम (ताजा और गाढ़ा)
    • चीनी- 2 बड़े चम्मच (दही में मिलाने के लिए)
    • इमली की मीठी चटनी और हरी चटनी
    • मसाले- भुना जीरा पाउडर, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला
    • गार्निश- बारीक कटा हरा धनिया, अनार के दाने और सेव 
    Dahi Bhalla (1)
    (Picture Courtesy: Freepik)

    बनाने की विधि 

    • सबसे पहले उड़द और मूंग की दाल को अच्छे से धोकर कम से कम 5-6 घंटे या पूरी रात के लिए भिगो दें। भिगोने के बाद पानी निकाल दें और मिक्सर में बहुत कम पानी डालकर पीस लें। ध्यान रहे कि पेस्ट एकदम बारीक और गाढ़ा होना चाहिए।
    • पिसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकालें। अब इसे एक ही दिशा में कम से कम 8-10 मिनट तक हाथ से फेंटें। दाल तब तक फेंटें जब तक वह हल्की और फूली हुई न दिखने लगे।
    • चेक करने के लिए एक कटोरी पानी लें और उसमें थोड़ा सा बैटर डालें। अगर बैटर पानी के ऊपर तैरने लगे, तो समझ लें कि यह तैयार है।
    • अब फेंटे हुए बैटर में हींग, अदरक, मिर्च और नमक मिलाएं। कढ़ाई में तेल मध्यम आंच पर गर्म करें। हाथों को थोड़ा गीला करें और छोटे-छोटे गोले तेल में डालें। इन्हें सुनहरा भूरा होने तक तल लें।
    • अब एक बड़े बर्तन में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा नमक और हींग डालें। तले हुए भल्लों को सीधे इस पानी में डाल दें और 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे भल्ले सारा पानी सोखकर एकदम स्पंजी हो जाएंगे।
    • इसके बाद दही को एक छलनी से छान लें या अच्छे से फेंट लें ताकि वह एकदम स्मूद हो जाए और इसे ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें।
    • जब परोसना हो, तो पानी से भल्लों को निकालकर हथेलियों के बीच धीरे से दबाएं, ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए, लेकिन ज्यादा जोर से न दबाएं। अब एक प्लेट में 2-3 भल्ले रखें, ऊपर से ढेर सारा दही डालें। अब इसके ऊपर इमली की चटनी और हरी चटनी डालें। लास्ट में भुना जीरा, काला नमक और लाल मिर्च छिड़कें। अनार के दानों से सजाकर ठंडा-ठंडा परोसें।