लौकी का दानेदार और स्वादिष्ट हलवा कैसे बनाएं? जानिए सामग्री और स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
अगर सूजी का हलवा खाकर बोर हो गए हैं, तो लौकी का हलवा ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाना काफी आसान है। ...और पढ़ें

कैसे बनाएं लौकी का हलवा? (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में त्योहारों का सीजन हो या घर पर कोई खास मेहमान आने वाले हों, मीठे के बिना हर दावत अधूरी लगती है। वैसे तो सूजी का हलवा बेहद पसंद किया जाता है, लेकिन अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो लौकी का हलवा अच्छा ऑप्शन है। इसकी खुशबू, स्वाद और बनावट इसे बेहतरीन डिजर्ट बनाती है। आइए जानें लौकी का हलवा बनाने की रेसिपी।
बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- लौकी- 1 किलो (ताजी)
- दूध- 1/2 लीटर (फुल क्रीम)
- चीनी- 1 कप (स्वादानुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं)
- देसी घी- 3-4 बड़े चम्मच
- मावा- 1/2 कप (मैश किया हुआ)
- हरी इलायची पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- कटे हुए मेवे- बादाम, काजू और पिस्ता
स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
- सबसे पहले लौकी को धोकर छील लें। अब इसे कद्दूकस करें। ध्यान रहे कि केवल बाहरी हिस्से को ही कद्दूकस करें और बीच के बीज वाले नरम हिस्से को छोड़ दें। कद्दूकस करने के बाद, लौकी को हल्के हाथों से दबाकर उसका एक्स्ट्रा पानी निकाल दें।
- अब एक भारी तले की कड़ाही में घी गर्म करें। इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालें और मध्यम आंच पर 5-7 मिनट तक भूनें। भूनने से लौकी का कच्चापन निकल जाता है और हलवे में सोंधी खुशबू आती है।
- अब कड़ाही में दूध डालें और इसे धीमी आंच पर पकने दें। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि लौकी नीचे न चिपके। इसे तब तक पकाएं जब तक कि दूध पूरी तरह सूख न जाए और लौकी नरम न हो जाए।
- जब दूध सूख जाए, तब इसमें चीनी डालें। चीनी डालने के बाद हलवा फिर से थोड़ा पतला होगा। इसे लगातार चलाते हुए पकाएं। जब मिश्रण फिर से गाढ़ा होने लगे, तब इसमें मैश किया हुआ मावा मिला दें। मावा डालने से हलवे को दानेदार बनावट मिलती है।
- सबसे आखिर में, इलायची पाउडर और आधे कटे हुए मेवे डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जब हलवा कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे और घी अलग होने लगे, तो समझ लीजिए कि लौकी का हलवा तैयार है।
- गैस बंद करने के बाद बचे हुए ड्राई फ्रूट्स से लौकी का हलवा गार्निश करें।
यह भी पढ़ें- ब्रेकफास्ट में नई-नई चीजों की डिमांड करते हैं बच्चे, तो इस रेसिपी से बनाएं 'पाइनएप्पल फ्रेंच टोस्ट'