घर पर बनाएं चटपटी 'स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन', स्वाद ऐसा कि सब उंगलियां चाटते रह जाएं
इस रेसिपी की मदद से घर पर भी आसानी से स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन बना सकते हैं। ...और पढ़ें

घर पर कैसे बनाएं स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन? (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सड़क किनारे ठेले पर मिलने वाली चाऊमीन की खुशबू से ही मुंह में पानी आने लगता है। इस चाऊमीन का अपना एक खास स्वाद और मजा है। घर पर भी हम कई बार चाऊमीन बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वो बात नहीं आती, जो ठेले पर मिलने वाली चाऊमीन में होती है।
लेकिन अब चिंता मत करिए। हम यहां आपको ऐसी रेसिपी बताने वाले हैं, जिससे आप घर पर ही स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन आसानी से बना सकते हैं। आइए जानें यह रेसिपी।
सामग्री
- नूडल्स- 1 पैकेट (लगभग 200-250 ग्राम)
- पानी- नूडल्स उबालने के लिए
- तेल- 3-4 बड़े चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- पत्तागोभी- 1 कप (लंबी और बारीक कटी हुई)
- शिमला मिर्च- 1 मध्यम आकार की (लंबे टुकड़ों में कटी हुई)
- गाजर- 1 छोटी (पतली कटी हुई)
- प्याज- 1 बड़ा (लंबा कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 2-3 (बीच से चीरा लगाई हुई या बारीक कटी हुई)
- अदरक- 1 इंच का टुकड़ा (बारीक कतरा हुआ)
- लहसुन- 5-6 कलियां (बारीक कटी हुई)
- हरा प्याज- थोड़ा सा (गार्निशिंग के लिए)
- सोया सॉस- 1 बड़ा चम्मच
- रेड चिली सॉस- 1 बड़ा चम्मच
- ग्रीन चिली सॉस- 1 चम्मच
- विनेगर- 1 चम्मच
- काली मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- टोमैटो केचप- 1 बड़ा चम्मच
बनाने की विधि
- परफेक्ट चाऊमीन का सबसे बड़ा सीक्रेट नूडल्स उबालने का तरीका है। अक्सर लोग नूडल्स को बहुत ज्यादा उबाल देते हैं, जिससे वे चिपक जाते हैं। सही तरीके से उबालने के लिए एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसमें एक चम्मच नमक और एक चम्मच तेल डालें।
- नूडल्स को पानी में डालें और उन्हें केवल 80% तक ही पकाएं। इसके बाद नूडल्स को तुरंत छान लें और ऊपर से ठंडा पानी डालें ताकि पकने की प्रक्रिया रुक जाए। अब उन पर थोड़ा सा तेल लगाकर फैला दें, इससे वे आपस में कभी नहीं चिपकेंगे।
- चाऊमीन बनाने के लिए लोहे की कड़ाही सबसे अच्छी होती है। कड़ाही को बहुत तेज आंच पर गरम करें और उसमें दो चम्मच तेल डालें। तेल से जब धुआं निकलने लगे, तब बारीक कटा हुआ लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें।
- अब इसमें प्याज डालें और तेज आंच पर 30 सेकंड के लिए चलाएं। इसके बाद गाजर, शिमला मिर्च और पत्तागोभी डालें। इन्हें सिर्फ 1-2 मिनट तक तेज आंच पर ही भूनें ताकि इनका कुरकुरापन बना रहे।
- अब इसमें उबले हुए नूडल्स डालें और ऊपर से डालें एक बड़ा चम्मच सोया सॉस, एक चम्मच रेड चिली सॉस, एक चम्मच ग्रीन चिली सॉस, एक चम्मच विनेगर, स्वादानुसार नमक और काली मिर्च पाउडर।
- ठेले वाले स्टाइल में दो बड़े चम्मच या चिमटे की मदद से नूडल्स को तेज आंच पर अच्छी तरह टॉस करें। आंच तेज होने से सॉस कैरमलाइज हो जाती है, जिससे स्मोकी फ्लेवर आता है।
- गरमा-गरम चाऊमीन को ऊपर से कटे हुए हरे प्याज के साथ गार्निश करें और टोमैटो केचप के साथ सर्व करें।