Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घर पर बनाना चाहते हैं बाजार जैसा परफेक्ट क्रीमी हमस, तो नोट कर लें ये स्टेप बाय स्टेप रेसिपी

    Updated: Thu, 23 Oct 2025 03:53 PM (IST)

    हमस मध्य पूर्व का एक लोकप्रिय और पौष्टिक डिप है, जो उबले चने, ताहिनी, नींबू और लहसुन से बनता है। यह प्रोटीन, फाइबर और स्वस्थ वसा का अच्छा सोर्स है। इस ...और पढ़ें

    ऐसे बनाएं परफेक्ट हमस (Picture Courtesy: Freepik)

    ऐसे बनाएं परफेक्ट हमस (Picture Courtesy: Freepik)

    HighLights

    1. हमस मध्य पूर्वी देशों की मशहूर डिश है

    2. इसे डिप की तरह सर्व किया जाता है

    3. हमस को काबुली चना और ताहिनी से बनाया जाता है

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हमस मिडल ईस्ट का एक बेहद लोकप्रिय और पौष्टिक व्यंजन है, जिसे अक्सर डिप के तौर पर खाया जाता है। यह उबले हुए चने, ताहिनी (तिल का पेस्ट), नींबू का रस और लहसुन से बनाया जाता है। इसलिए यह सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं होता, बल्कि यह प्रोटीन, फाइबर और स्वस्थ वसा का एक बेहतरीन स्रोत भी है। 

    इसे घर पर बनाना बहुत आसान है और इसे कई डिशेज के साथ डिप की तरह परोसा जा सकता है। अगर आप भी घर पर हमस बनाना चाहते हैं, तो आइए जानें इसे बनाने की आसान रेसिपी। 

    हमस बनाने की रेसिपी

    जरूरी सामग्री-

    हमस बनाने के लिए आपको 1 कप काबुली चना (रात भर भिगोकर उबाले हुए), 2 से 3 बड़े चम्मच ताहिनी (तिल का पेस्ट), 2 से 3 लहसुन की कलियां, 2 से 3 बड़े चम्मच नींबू का रस, 3 से 4 बड़े चम्मच जैतून का तेल, 2-3 बर्फ के टुकड़े, स्वादानुसार नमक, ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, और उबालने के बाद बचा चने का पानी चाहिए।

    Hummus

    (Picture Courtesy: Freepik)

    हमस बनाने की विधि-

    • सबसे पहले काबुली चने को रात भर भिगो दें। अगले दिन, इन्हें हल्का नमक डालकर तब तक उबालें जब तक ये नरम न हो जाएं। चने को छान लें, लेकिन उबला हुआ पानी फेंकें नहीं, इसे अलग रख लें।
    • अब एक ब्लेंडर लें और इसमें उबले हुए चने, ताहिनी, लहसुन की कलियां, नींबू का रस, नमक और भुना जीरा पाउडर डालें।
    • मिश्रण को एक बार अच्छी तरह से ब्लेंड करें। आपको मिश्रण थोड़ा सूखा लग सकता है।
    • अब इसमें जैतून का तेल और 2-3 बर्फ के टुकड़े डालें। बर्फ के टुकड़े हमस को हल्का और एकदम क्रीमी बनाने में मदद करते हैं।
    • अब मिश्रण को फिर से ब्लेंड करें। अगर हमस अभी भी बहुत गाढ़ा लग रहा है, तो धीरे-धीरे एक-एक चम्मच करके बचा हुआ चने का पानी डालते जाएं और तब तक पीसें जब तक कि आपको हमस की सही कंसिस्टेंसी न मिल जाए। ध्यान रखें कि हमस न तो बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला।
    • अब हमस को एक सर्विंग बाउल में निकालें। चम्मच की सहायता से बीच में एक छोटा गड्ढा बनाएं। इस गड्ढे में एक्सट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल डालें। ऊपर से कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर या पेप्रिका और थोड़े से साबुत उबले चने या कटा हुआ हरा धनिया छिड़ककर गार्निश करें।