ओवन नहीं है? कोई बात नहीं! घर की कड़ाही में ऐसे बनाएं बाजार जैसा टेस्टी और चीजी पिज्जा
पिज्जा का नाम सुनकर ही मुंह में पानी आने लगता है। हालांकि, अक्सर लोग यह सोचकर पिज्जा घर पर ट्राई नहीं करते कि इसे बनाने के लिए ओवन की जरूरत पड़ेगी। ले ...और पढ़ें
-1768397575176_m.webp)
कैसे बनाएं बिना ओवन के पिज्जा? (Picture Courtesy: Freepik)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पिज्जा का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह में पानी आ जाता है। अक्सर लोग मानते हैं कि परफेक्ट पिज्जा बनाने के लिए ओवन होना जरूरी है, लेकिन सच तो यह है कि आप अपने किचन में मौजूद साधारण कढ़ाई या तवे पर भी बिल्कुल वैसा ही क्रिस्पी और चीजी पिज्जा बना सकते हैं। आइए जानें बिना ओवन के घर पर पिज्जा बनाने की सबसे आसान और स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।
सामग्री
पिज्जा बेस के लिए-
- मैदा- 2 कप
- दही- आधा कप (ताजा)
- बेकिंग पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- बेकिंग सोडा- आधा छोटा चम्मच
- चीनी और नमक- स्वादानुसार
- तेल- 2 चम्मच
टॉपिंग के लिए-
- पिज्जा सॉस- 3-4 चम्मच
- मोजरेला चीज- कद्दूकस किया हुआ
- सब्जियां- शिमला मिर्च, प्याज, स्वीट कॉर्न, टमाटर
- चिली फ्लेक्स और ऑरिगैनो
(Picture Courtesy: Freepik)
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा छान लें। इसमें बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, नमक, चीनी और तेल डालें। अब दही की मदद से नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रहे कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ज्यादा गीला। इसे ढककर करीब 30-45 मिनट के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें ताकि आटा फूल जाए।
- ओवन का इफेक्ट पैदा करने के लिए एक गहरी और भारी तले वाली कढ़ाई लें। इसमें नीचे 1 कप नमक फैला दें। अब इसके बीच में एक स्टैंड या छोटी कटोरी रखें। कढ़ाई को ढक्कन से ढक दें और 10 मिनट के लिए तेज आंच पर प्री-हीट होने दें।
- आटे की एक बड़ी लोई लें और उसे मक्के के आटे या मैदे की मदद से थोड़ा मोटा बेल लें। अब एक ऐसी स्टील की प्लेट लें जो आपकी कढ़ाई में आसानी से फिट हो सके। प्लेट पर थोड़ा तेल लगाएं और बेले हुए बेस को उस पर रख दें। एक कांटे की मदद से बेस में छोटे-छोटे छेद कर दें, ताकि पिज्जा फूलकर रोटी न बन जाए।
- बेस पर सबसे पहले पिज्जा सॉस फैलाएं। इसके ऊपर ढेर सारा मोजरेला चीज डालें और अपनी पसंद की सब्जियां सजाएं और ऊपर से थोड़ा और चीज डालें।
- सावधानी से प्लेट को कढ़ाई के अंदर स्टैंड पर रखें। कढ़ाई को टाइट ढक्कन से ढक दें, ताकि भाप बाहर न निकले। अब इसे मध्यम आंच पर 12-15 मिनट तक पकने दें। जब चीज पूरी तरह पिघल जाए और किनारे सुनहरे दिखने लगें, तो समझ लें कि पिज्जा तैयार है।
कुछ खास टिप्स
- नमक का इस्तेमाल- कढ़ाई में डाला गया नमक काला पड़ सकता है, लेकिन आप इसे फेंके नहीं; इसे बार-बार बेकिंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
- सब्जियों का क्रंच- सब्जियों को बहुत बारीक न काटें, थोड़ा बड़ा रखने से वे क्रंची रहती हैं।
- तवा पिज्जा- यदि आप तवे पर बना रहे हैं, तो धीमी आंच का इस्तेमाल करें और ऊपर से गहरी थाली से ढक दें।