Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ठंडा या गर्म, सर्दियों में नहाने के लिए कौन-सा पानी है ज्यादा बेहतर; यहां जान लें सही जवाब

    Updated: Wed, 12 Nov 2025 08:33 PM (IST)

    स्वस्थ रहने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता जरूरी है, जिसमें नहाना महत्वपूर्ण है। सर्दियों में गर्म पानी मांसपेशियों को आराम देता है और रक्त संचार बेहतर करत ...और पढ़ें

    सर्दियों में नहाने के लिए ठंडा या गर्म पानी: जानिए क्या है सही? (Picture 	Credit- AI Generated)

    सर्दियों में नहाने के लिए ठंडा या गर्म पानी: जानिए क्या है सही? (Picture Credit- AI Generated)

    HighLights

    1. गर्म पानी मांसपेशियों को आराम देता है।

    2. ठंडा पानी इम्युनिटी को बढ़ाता है।

    3. गुनगुना पानी सर्दियों के लिए बेहतर।

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हेल्दी रहने के लिए अपनी पर्सनल हाइजीन का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। बात जब भी पर्सनल हाइजीन की आती है, तो नहाना इसमें हमेशा पहले नंबर पर आता है। यह हमारी डेली रूटीन का एक अहम हिस्सा है। इसलिए नहाते समय कई बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। 

    खासकर नहाने के पानी का ध्यान रखना ज्यादा जरूरी माना जाता है। आपके नहाने के पानी का तापमान आपके पूरे स्वास्थ्य में अहम भूमिका निभा सकता है। खासकर सर्दियों में, ज्यादातर लोग गर्म पानी से नहाना पसंद करते हैं, क्योंकि कंपा देने वाली सर्दी में गर्म पानी आराम पहुंचाता है। गर्म पानी से नहाने के कई सारे फायदे होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ठंडा पानी फायदेमंद नहीं है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर ठंडे और गर्म पानी में से क्या ज्यादा बेहतर है। आइए यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, फरीदाबाद में इंटरनल मेडिसिन के डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार अग्रवाल से जानते हैं इस सवाल का जवाब- 

    सर्दियों में गर्म पानी से नहाने के फायदे

    गर्म पानी की गर्माहट मांसपेशियों को आराम पहुंचा सकती है। यह तनाव दूर करने का भी एक जरिया हो सकता है। साथ ही यह ब्लड वेसल्स को फैलाता है, जिससे ब्लड फ्लो बेहतर होता है और ठंड के मौसम में होने वाली जकड़न या दर्द से भी राहत मिलती है।

    गर्म पानी से निकलने वाली भाप आपके नाक के रास्ते को साफ करती है, जिससे बंद नाक की समस्या से राहत मिलती है। खासतौर पर सर्दी-जुकाम के दौरान यह विशेष रूप से फायदेमंद होता है। यही वजह है कि यह सर्दियों में होने वाले दर्द या थकान के लिए गर्म पानी बिल्कुल सही है।

    खबरें और भी

    सर्दियों में गर्म पानी से नहाने के नुकसान

    गर्म पानी सिर्फ फायदा ही नहीं पहुंचाता, बल्कि इसके कुछ नुकसान भी है। लंबे समय तक गर्म पानी के संपर्क में रहने से आपकी स्किन में मौजूद नेचुरल ऑयल निकल सकते हैं। इससे सर्दियों में स्किन में रूखापन बढ़ सकता है और जलन-खुजली की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में गर्म पानी से नहाने से एक्जिमा या सोरायसिस जैसी कुछ बीमारियां और बिगड़ सकती हैं, क्योंकि स्किन अपना जरूरी ऑयल खो देती है।

    गर्म पानी से नहाने की तरह ही सर्दियों में ठंडे पानी से नहाना भी कई वजहों से फायदेमंद माना जाता है। ठंडे पानी से नहाने के कुछ फायदे निम्न हो सकते हैं। 

    सर्दियों में ठंडे पानी से नहाने के फायदे

    माना जाता है कि रोजाना ठंडे पानी से नहाने से इम्युनिटी बढ़ती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि ठंडा पानी व्हाइट ब्लड सेल्स के प्रोडक्शन को तेजी से बढ़ाता और ब्लड सर्कुलेशन को भी बेहतर करता है। ठंडे पानी से नहाने से आपके शरीर को एनर्जी मिलती है। 

    यह सुस्ती को कम करने के साथ ही फोकस में सुधार करता है, जो सर्दी के मौसम में आपके लिए बेहद जरूरी है। इसके अलावा ठंडा पानी शरीर में सूजन को कम करने में मदद कर सकता है, जिससे दर्द कम होता है.

    सर्दियों में ठंडे पानी से नहाने के नुकसान

    हालांकि, सिक्के के दो पहलू की तरह ही ठंडे पानी के फायदे के साथ-साथ नुकसान भी होते हैं। ठंडे पानी के अचानक संपर्क में आने से सांस लेने में तकलीफ हो सकती है या अस्थमा या ब्रोंकाइटिस जैसी रेस्पिरेटरी संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

    इसके अलावा कमजोर इम्युनिटी वाले, खराब ब्लड सर्कुलेशन या हार्ट डिजीज वाले लोगों को खासकर सर्दियों में, ठंडे पानी से नहाना से परहेज करना चाहिए। ठंडे पानी से नहाने से कुछ लोगों को लंबे समय तक ठंड भी लग सकती है।

    तो कौन-सा पानी है ज्यादा बेहतर?

    ऐसे में सवाल यह उठता है कि सर्दियों में नहाने के लिए कैसा पानी ज्यादा सही है। इसका आसान जवाब यह है कि संतुलित पानी से नहाना ही सबसे अच्छा है। सही तापमान वाला गुनगुना पानी सर्दियों के लिए बेस्ट हो सकता है।

    यह भी पढ़ें- Health Tips: सर्दियों में न दिखाएं जोश, ठंडे पानी से नहाने पर ब्रेन स्ट्रोक का है खतरा


    Disclaimer: लेख में उल्लेखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो, तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।