विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

खर्राटा या नींद की है समस्या, गेहूं से बनी चीजों से बना लें दूरी; पढ़ें क्या बोले डॉक्टर

Published: Thu, 17 Apr 2025 08:21 PM (IST)

मोटापा खर्राटे और नींद की समस्याओं से परेशान हैं? जानिए यथार्थ ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर व मेडिकल ...और पढ़ें

खर्राटों की समस्या से हैं परेशान तो गेहूं से बनी चीजें करें अवॉयड। फाइल फोटो
खर्राटों की समस्या से हैं परेशान तो गेहूं से बनी चीजें करें अवॉयड। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, नोएडा। मोटापे की वजह से लोग कई प्रकार की समस्याओं से ग्रसित हो रहे हैं। इनमें प्रमुख हैं मधुमेह, दिल से जुड़े, जोड़ों में दर्द, खर्राटे लेना, नींद में कमी या अधिक नींद, पाचन में समस्या आदि।

मोटापे से बचाव के लिए जरूरी है दिनचर्या सही हो और खानपान संतुलित हो। दिनचर्या में शामिल हैं कई तरह की शारीरिक गतिविधियां। यह मोटापे को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इसमें टहलना, तेज कदमों से चलना, दौड़ना, योग-व्यायाम, प्राणायाम आदि शामिल हैं। इससे न केवल मोटापे से बचाव होता है, बल्कि सेहत भी अच्छी रहती है। इसके साथ ही तीन-चार घंटे से ज्यादा खाली पेट नहीं रहना है और कुर्सी या किसी अन्य स्थान पर दो घंटे से अधिक समय तक नहीं बैठना है।

हर दो घंटे के अंतराल पर पांच मिनट टहलना जरूरी है। मोटापे से बचने के लिए रात में सोने से पहले ब्रश अवश्य करें। इससे आपका मुंह अच्छी तरह से साफ हो जाएगा। नतीजतन मुंह में गुड बैक्टीरिया पैदा होंगे। हमें स्वस्थ रखने में ये गुड बैक्टीरिया बहुत महत्वपूर्ण हैं।

सुबह उठकर एक घूंट पानी पिएं और इसे मुंह में अच्छी तरह से चलाकर पी जाएं। इससे रात में बने गुड बैक्टीरिया पेट में जाएंगे। इससे पेट सही रहेगा और पाचन संबंधी किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। सुबह अधिक से अधिक पानी पीने से भी पाचन तंत्र ठीक रहेगा।

दैनिक जागरण के कार्यालय में यथार्थ ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर व मेडिकल सलाहकार डॉ. जीसी वैष्णव ने पाठकों के सवालों के जवाब देकर उन्हें जागरूक किया। 

80 वर्ष की उम्र में मेरा वजन 88 किलोग्राम है। मुझे न्यूरो की भी समस्या है। मुझे वजन कम करने का तरीका बताएं? धर्मपाल चोपड़ा- फरीदाबाद

जवाब : आपका वजन बहुत ज्यादा नहीं है। आपकी लंबाई के हिसाब से सात-आठ किलोग्राम वजन ज्यादा है। सुबह में योग और व्यायाम करें। वजन घटाने के लिए चावल का मांड निकाल दें। रागी-ज्वार और बाजरा खाएं। बिस्किट, आलू, मूली और जड़ वाली सब्जियां खाना कम कर दें। रात को खाने में चार की जगह दो रोटी खाएं। डिनर और सोने के समय में कम से कम ढाई-तीन घंटे का अंतर रखें।

मेरा वजन 75 किग्रा और हाइट पांच फुट-पांच इंच है। मेरा बैठने का काम ज्यादा है। गैस की समस्या बनी रहती है। मैं वजन कैसे कम कर सकता हूं? राजकुमार चौधरी - शालीमार बाग, दिल्ली

जवाब : अच्छी बात है कि आपको 39 वर्ष की उम्र में बीमारी नहीं है। दरअसल, नींद पूरी न होने और खर्राटे की वजह से वजन बढ़ता है। इसका कारण यह है कि सोते समय शरीर का ऊपरी हिस्सा लगभग बंद हो जाता है तब नाक और मुंह से ज्यादा सांस लेते हैं। रुकावट की वजह से नींद पूरी नहीं होती और बीपी बढ़ता है। दूसरा कारण है कि दिनभर काम करने पर चिड़चिड़ापन भी बीपी बढ़ाता है।

डायबिटीज की वजह से मोटापा हो गया है। इसे कैसे कम कर सकता हूं ? श्रीपाल शर्मा- फरीदाबाद

जवाब : रात में खर्राटे की वजह से आपकी नींद पूरी नहीं होती है। इससे दिन में नींद ज्यादा आती है। जैसा आपने बताया खाना-खाते ही नींद आती है तो गेहूं से बनी चीजें मत खाएं । नाक में सरसों का तेल लगाए। डायबिटीज के लिए आम, लीची, केला, अंगूर, तली चीजें, खजूर, जूस, नारियल पानी बिल्कुल न पीएं। नींबू पानी, मट्ठा, छाछ पी सकते हैं और सेब भी ले सकते हैं। खाने के बाद एकदम बेड पर न सोएं। पहले एक-डेढ़ घंटा जरूर टहलें।

मेरी उम्र 70 वर्ष और वजन 85 किलोग्राम है। कई महीनों से बीपी की दवाई लेता हूं। बीते एक महीने से मेरा पेट फूलने लगा है। इसे कैसे कम कर सकता हूं ? जयप्रकाश, रेवाड़ी-हरियाणा

जवाब : आपको दिनचर्या में बदलाव करना होगा। रोजाना सुबह नियमित योगा और व्यायाम करें। ज्यादा देर तक बैठने से मोटापा बढ़ता है। एक ही जगह पर दो घंटे से ज्यादा समय तक बैठने पर शरीर में एक पैकेट सिगरेट पीने के बराबर नुकसान होता है। बचाव के लिए हर घंटे में उठकर करीब दस मिनट तक थोड़ा पैदल चलें। रात को आठ बजे तक खाना खा कर दस बजे तक जरूर सो जाएं या सोने चले जाएं।

मैं यह जानना चाहता हूं कि मोटापे में व्यक्ति को कितनी दूर और कितने समय तक चलना चाहिए ? सतीश झा- ग्रेटर नोएडा

जवाब : पैदल चलने का मतलब है कि आप खुद को पूरी तरह फ्री रखें। किसी समूह या दोस्त के साथ न चलें। नियम है कि साढ़े सात मिनट में एक किलोमीटर की दूरी पैदल चलते हुए तय करनी चाहिए। एक्सरसाइज करने के दौरान आप उसी को पूरा समय दें। कोई दूसरे काम में खुद को व्यस्त न रखें। डायबिटीज वाले मरीज को मानक से पांच किलोग्राम कम वजन रखना चाहिए।

70 वर्ष की उम्र में मेरे हार्ट का ऑपरेशन हुआ है। वाल डाला गया है। मेरा वजन लगातार बढ़ रहा है। कम करने के लिए क्या करूं? राजेंद्र पाठक- हरियाणा

जवाब : डॉक्टर से परामर्श लेकर दवाई जरूर लेते रहें। यदि आपकी सांस फूलती है तो डॉक्टर के पास जाकर हार्ट की जांच कराएं। सबसे जरूरी है कि खाने में गेहूं की रोटी बंद कर दें। दूध, दही, पनीर और प्रोटीन जरूर खाएं। रात की नींद पूरी लें और धूम्रपान बिल्कुल न करें।

मेरा वजन 80 किलोग्राम है। घुटने में दर्द की वजह से चल-फिर नहीं पाता हूं। ब्लड प्रेशर भी रहता है। वजन करने की क्या डाइट है ? छोटेलाल- नारनौल- हरियाणा

जवाब : सबसे पहले आप रात में नींद पूरी लें। पांच घंटे की नींद सेहत के लिए अच्छी नहीं है। रात को आठ बजे खाना खाकर करीब साढ़े दस बजे तक सो जाए। मोटा अनाज और हरी सब्जी ज्यादा खाएं। रात में प्रोटीन का सेवन ज्यादा करें। बीपी को कम करने के लिए रात में सोने का समय बढ़ा दें।

दो साल पहले मेरे हार्ट में छल्ले पड़े थे। उसके बाद से मेरा पेट फूलने लगा है। इसे कैसे घटा सकता हूं ? शमशेर सिंह यादव - रेवाड़ी, हरियाणा

जवाब : आपका वजन ज्यादा नहीं है। रोजाना सुबह एक घूंट पानी से कुल्ला करके उसे अंदर पी लें। उसके बाद खाली पेट सेब खाएंगे तो उससे पेट साफ होगा। फिर गुनगुना पानी जरूर पीएं। इससे पेट में गैस नहीं बनेगी। रात में खाने के बाद सोने का समय बढ़ा दें। रोजाना व्यायाम और योगा करना न छोड़ें। चाय ज्यादा पीने से पेट खराब हो जाता है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।