विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली की पार्टी में बार-बार खाते हैं मिठाई? ओवरईटिंग से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके

Published: Wed, 04 Nov 2026 08:00 AM (IST)

दीवाली समेत अनेक त्योहारों का मौका, मौसम में हो रहे बदलाव और प्रदूषण के चलते इन दिनों सेहत की चुनौतियां ...और पढ़ें

दीवाली में सेहतमंद रहने के लिए अपनाएं ये खास टिप्स, ओवरईटिंग और मिलावट से बचें

दीवाली में सेहतमंद रहने के लिए अपनाएं ये खास टिप्स, ओवरईटिंग और मिलावट से बचें

HighLights

  1. मिलावटी भोजन और ओवरईटिंग से बचें, रूटीन बनाए रखें

  2. मिठाई के बजाय ड्राई फ्रूट्स या मौसमी फल उपहार में दें

  3. नियमित व्यायाम करें, हाइड्रेटेड रहें और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं

ब्रह्मानंद मिश्र, नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत में तापमान में आ रही गिरावट और प्रदूषण में हो रही वृद्धि के चलते यह मौसम सेहत के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण है, खासकर जिन्हें पहले से सेहत से जुड़ी कोई परेशानी है, उन्हें कई स्तरों पर सतर्क होने की आवश्यकता है। दीवाली के मौके पर लोगों से मिलने-जुलने, पार्टी आदि के चलते खानपान सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक और अव्यवस्थित हो जाता है। यही छोटी सी लापरवाही लंबे समय तक आपको परेशानी में डाल सकती है।


यह सच है कि भारत में कोई भी त्योहार बिना व्यंजन और पकवान के नहीं होता है। समस्या तब आती है, जब घर के बने भोजन के बजाय हम बाहर का भोजन अधिक करने लगते हैं। इन दिनों खाद्य पदार्थों में मिलावट की खबरें सबसे अधिक चर्चा में रहती हैं। दीवाली की खरीदारी में मिठाईयों और खाद्य पदार्थों की मिलावटी आपको नई मुसीबत में डाल सकती है।

दूषित और मिलावटी भोजन से बचें

दूषित और मिलावटी खाद्य पदार्थों के चलते इन दिनों पेट के संक्रमण, त्वचा संक्रमण, डायरिया, किडनी की समस्या होने का डर रहता है, खासकर दूध-पनीर से बने प्रोडक्ट में सबसे अधिक मिलावट अधिक देखने में आती है। ऐसे में जरूरी है कि त्योहार में बाहर का भोजन जितना भी कम हो सके, उतना ही अच्छा है। दीवाली प्रकाश और खुशियों का पर्व है, इसमें विघ्न न पड़े, इसलिए खानपान में लापरवाही करने से बचें। अपना रूटीन सामान्य दिनों की ही तरह रखना चाहिए। अगर आप नाश्ता, भोजन करेंगे, तो बाहर जाने पर भी ओवर ईटिंग नहीं कर पाएंगे। मिठाईयां और बाहर का भोजन लेते भी हैं, तो मामूली सेवन ही करें। इससे नुकसान कम होगा। अगर इसकी अधिकता रखेंगे, तो सेहत से जुड़ी परेशानी स्वाभाविक रूप से बढ़ सकती है।

ड्राई फ्रूट्स और मौसम फलों का करें लेनदेन

गिफ्टिंग और लेनदेन में अगर मिठाईयों के बजाय ड्राइ फ्रूट्स या मौसमी फलों का लेनदेन करते हैं, तो वह सेहत के लिए भी अच्छा उपहार होगा। मिठाई के बजाय अगर आप खजूर, सूखे मेवे, नट्स, सीड्स और ताजे फलों का सेवन करते हैं, तो न केवल संभावित परेशानी से बचे रहेंगे, बल्कि खुशी के साथ त्योहार भी मना पाएंगे। इन दिनों कैलोरी इनटेक अपेक्षाकृत अधिक हो जाता है। ऐसे में ध्यान रखें कि नियमित व्यायाम की आदत को न छोड़ें। संभव हो तो शारीरिक सक्रियता थोड़ा अधिक ही रखें। अगर 10-15 दिन आपको ज्यादा खाना-पीना है तो कैलोरी को बर्न करने पर भी ध्यान दें। सबसे जरूरी है कि त्योहार के बाद आप खुद को डिटाक्स भी करें। इससे कैलोरी की अधिकता से होने वाली परेशानी से बच जाएंगे।

सामान्य रूटीन का रखें ध्यान

बाहर का भोजन करने या त्योहार की पार्टी में शामिल होने के बाद अगले कुछ दिन हल्का भोजन करें। भोजन में फलों, हरी पत्तेदार सब्जियों की मात्रा बढ़ा दें। कुछ दिनों के लिए बाहर का भोजन बिल्कुल भी बंद कर दें। इससे आपका शरीर सामान्य रूटीन पर आ जाएगा। अगर डायबिटीज या कोई दवा ले रहे हैं और देर रात की फेस्टिवल पार्टी में शामिल हो रहे हैं तो प्रयास करें कि घर से भोजन करके जाएं। इससे आप बाहर अधिक खाने से बच जाएंगे।

इम्युनिटी बढ़ाने पर जोर दें

आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ेगा। इसके लिए आप मास्क पहनने, अधिक प्रदूषण में बाहर जाने से बचने और सतर्कता बरतने जैसे उपाय तो करेंगे ही, साथ ही आपका अंदर से भी मजबूत और तैयार होना उतना ही जरूरी है। इसके लिए आपको हाइड्रेशन का पूरा खयाल रखना है। दिनभर में पर्याप्त पानी पीने, लो कैलोरी ड्रिंक्स लेने के साथ इन दिनों विटामिन-सी लेना एक बेहतर उपाय है, इससे इम्युनिटी बढ़ती है।

आप नींबू-पानी, विटामिन-सी वाले फूड्स बढ़ाएं, मौसमी सब्जियां लें। इस समय ओमेगा-3 फैटी एसिड लेना जरूरी है, क्योंकि यह हमारे फेफड़ों को सुरक्षित रखता है। इसके लिए आप नट्स, सीड्स, मछली, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। इससे फेफड़े स्वस्थ रहेंगे, तो आपको प्रदूषण की परेशानी से काफी हद राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- दिल के मरीजों के लिए खुशखबरी! अब बिना स्टेंट के भी खुल सकेगी हार्ट की ब्लॉकेज, रिसर्च में दिखे कमाल के नतीजे

यह भी पढ़ें- बंद नाक, छींकें और आंखों में खुजली... नवंबर आते ही क्यों परेशान करती है 'विंटर एलर्जी'? 6 तरीकों से करें बचाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।