रोशनी के त्योहार में कहीं धुंधली न पड़ जाए आपकी दुनिया, डॉक्टर ने बताया आंखों की देखभाल का सही तरीका
दीवाली के दौरान प्रदूषण और स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाव के कारण आंखों की देखभाल जरूरी है।

आंखों की सही देखभाल है जरूरी (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली रोशनी का त्योहार है। इस त्योहार पर चारों ओर खुशियों का माहौल छा जाता है, लोग अपने घरों में दीये जलाते हैं, लाइट्स लगाते हैं और साथ में खुशियां मनाते हैं। हालांकि, इस रोशनी के त्योहार पर अपनी आंखों की सेहत पर भी ध्यान देना उतना ही जरूरी है।
नियमित रूप से आंखों की देखभाल और चेकअप काफी जरूरी है। खासकर, जब दिनभर स्क्रीन देखने के साथ-साथ पटाखों और पराली का धुआं भी आंखों को परेशान करने लगता है।
आंखों की नियमित जांच क्यों है जरूरी?
बहुत से लोगों को लगता है कि आंखों की जांच सिर्फ तभी जरूरी है, जब धुंधला दिखाई दे, दर्द हो या आंखों से जुड़ी कोई परेशानी हो। हालांकि, ग्लूकोमा और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी कई ऐसी समस्याएं हैं, जो शुरुआती स्टेज में बिना किसी लक्षण के चुपचाप विकसित होती रहती हैं। नियमित आई चेकअप से ऐसी समस्याओं का वक्त रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे आंखों की रोशनी बचाई जा सकती है।
दीवाली के दौरान आंखों की सुरक्षा और प्रदूषण
दीवाली के समय आंखें धुएं, धूल और हवा में मौजूद प्रदूषकों के संपर्क में आती हैं, जिससे ड्राईनेस, एलर्जी और जलन बढ़ सकती है। रेडनेस, खुजली और आंखों से पानी आने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। साथ ही, ऐसी कोई समस्या होने पर आंखों को रगड़ना भी नहीं चाहिए, क्योंकि इससे जलन बढ़ सकती है। इसके अलावा, जो लोग कॉन्टैक्ट लेंस पहनते हैं या मेकअप करते है, उन्हें भी अपनी पर्सनल हाइजीन का खास ख्याल रखना चाहिए। साथ ही, किसी दूसरे व्यक्ति के साथ अपने कॉन्टैक्ट लेंस और मेकअप शेयर न करें।
स्क्रीन का आंखों पर असर
स्मार्टफोन, कंप्यूटर और टीवी की स्क्रीन के सामने लंबे समय तक बैठने से डिजिटल आई स्ट्रेन, ड्राईनेस और सिरदर्द की समस्या हो सकती है। इससे बचने के लिए 20-20-20 का नियम फॉलो करें, यानी हर 20 मिनट पर 20 सेकंड के लिए 20 फीट की दूरी पर रखी चीज को देखें। इसके अलावा, स्क्रीन को बहुत से करीब से न देखें।
सालभर रखें आंखों की साफ-सफाई का ध्यान
आंखों की हाइजीन का ख्याल साल भर रखना चाहिए। आंखों को छूने से पहले हाथ जरूर धोएं, सोने से पहले अपना सारा मेकअप हटा लें और बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल न करें। अगर कॉन्टैक्ट लेंस पहनते हैं, तो उनकी नियमित सफाई करें।
डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए?
अगर लगातार रेडनेस, दर्द, असमान्य रूप से पानी आना या धुंधला दिखने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। अचनाक दिखना बंद हो जाएं, आंखों में तेज दर्द या चोट लगने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। अगर आपको हाई बीपी या डाबिटीज की समस्या है, तो भी नियमित आई चेकअप करवाते रहें।
(प्रो. डॉ. महिपाल सिंह सचदेव, चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर, सेंटर फॉर साइट ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल, नई दिल्ली)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।