मिर्गी का दौरा पड़ने पर कैसे कर सकते हैं मरीज की मदद और कौन-सी गलतियां बन सकती हैं जानलेवा?
मिर्गी का दौरा पड़ने पर घबराएं नहीं। व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं, सिर के नीचे नरम चीज़ रखें और गर्दन के तंग कपड़े ढीले करें ताकि सांस लेने मे ...और पढ़ें
-1770541945731_m.webp)
मिर्गी का दौरा पड़ने पर क्या करें? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। किसी व्यक्ति को अचानक दौरा या मिर्गी के झटके आते देखना काफी डरावना अनुभव हो सकता है। ऐसे समय में ज्यादातर लोग घबरा जाते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
लेकिन अगर आप शांत रहकर सही कदम उठाएं, तो आप उस व्यक्ति की जान बचा सकते हैं और उसे गंभीर चोट लगने से रोक सकते हैं। आइए इस इंटरनेशनल एपिलेप्सी डे पर जानें मिर्गी का दौरा पड़ने पर आपको क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।
दौरा पड़ने पर क्या करें?
अगर आपके सामने किसी को दौरा आता है, तो सबसे पहली और जरूरी बात यह है कि घबराएं नहीं। शांत रहकर आप स्थिति को बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं।
- सुरक्षित स्थान का ध्यान रखें- व्यक्ति को केवल तभी हिलाएं या वहां से हटाएं जब वह किसी खतरे वाली जगह पर हो, जैसे कि सड़क के पास या किसी नुकीली चीज के साथ।
- सिर का बचाव- अगर पीड़ित व्यक्ति जमीन पर गिर गया है, तो उसके सिर के नीचे कोई नरम चीज़ जैसे तकिया, मुड़ा हुआ जैकेट या कुशन रख दें, ताकि सिर पर चोट न लगे।
- सांस लेने में मदद करें- गर्दन के आसपास के तंग कपड़ों को ढीला कर दें। अगर उन्होंने शर्ट का कॉलर बटन बंद किया है या टाई पहनी है, तो उसे तुरंत ढीला करें, ताकि वे आसानी से सांस ले सकें।
- रिकवरी पोजीशन- जब झटके या कंपन रुक जाएं, तो व्यक्ति को धीरे से करवट दिलाकर लिटा दें। इससे उनके रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट खुला रखने में मदद मिलती है।
- साथ बने रहें- जब तक व्यक्ति पूरी तरह होश में न आ जाए और सामान्य न हो जाए, तब तक उनके साथ रहें और उनसे शांत लहजे में बात करते रहें।
- समय नोट करें- यह बहुत जरूरी है कि आप नोट करें कि दौरा किस समय शुरू हुआ और कब खत्म हुआ। यह जानकारी डॉक्टर के लिए बहुत जरूरी होती है।
व्हीलचेयर पर सवार व्यक्ति की मदद कैसे करें?
अगर व्यक्ति व्हीलचेयर पर है और उसे दौरा पड़ता है, तो उसे कुर्सी से उतारने की कोशिश न करें। सबसे पहले व्हीलचेयर के ब्रेक लगा दें और उनकी सीटबेल्ट या हार्नेस को लगा रहने दें। उनके सिर को धीरे से सहारा दें और कुशन लगाएं, लेकिन उन्हें वहां से हटाने की कोशिश न करें।
इन गलतियों से बचें
दौरे के दौरान अक्सर लोग कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं जो खतरनाक साबित हो सकती हैं-
- व्यक्ति के मुंह में कुछ भी न डालें, अपनी उंगलियां भी नहीं। यह धारणा गलत है कि वे अपनी जीभ काट लेंगे; मुंह में कुछ डालने से उनका दम घुट सकता है।
- जब तक व्यक्ति पूरी तरह से ठीक न हो जाए, उन्हें कुछ भी खाने या पीने को न दें।
एम्बुलेंस को कब बुलाना जरूरी है?
हर बार दौरा पड़ने पर अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होती, लेकिन कुछ स्थितियों में तुरंत एम्बुलेंस बुलाएं-
- अगर उस व्यक्ति को पहली बार दौरा पड़ा हो।
- दौरा उनके सामान्य समय से ज्यादा देर तक चले।
- अगर दौरा 5 मिनट से ज्यादा समय तक चले और आपको उनके सामान्य समय का पता न हो।
- व्यक्ति को पूरी तरह होश न आए, या होश में आए बिना ही एक के बाद एक कई दौरे पड़ें।
- अगर दौरे के दौरान व्यक्ति को गंभीर चोट लग जाए।
- अगर दौरा खत्म होने के बाद उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही हो।