शीशे में पतला दिखना फिटनेस नहीं! अपनी डाइट और लाइफस्टाइल बदलकर कैसे पाएं असली ताकत?
अब तो आदत ही कुछ ऐसी हो गई है कि हम पैसे देकर कुपोषण खरीदते हैं और बाद में स्वास्थ्य सुधारने के लिए भी खर्च करते हैं पैसे।

जंक फूड छोड़ें और इन सुपरफूड्स से थाली को करें अपग्रेड (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ऑफिस की चाय हो या स्कूल में लंच ब्रेक, हाथों में चिप्स, बर्गर, बिस्कुट न हों, ऐसा कम ही होता है। अगर बात किसी ट्रीट या पार्टी की हुई तो कहना ही क्या; प्लेट में मोमोज से लेकर केक, समोसे-कचौड़ी-कटलेट्स तक के पहाड़ दिखते हैं। साथ में खूब शक्कर वाली कोल्ड ड्रिंक्स या कैफीन का झटका देने वाली एनर्जी ड्रिंक्स।
ल्यूक कुटिन्हो (इंटीग्रेटिव लाइफस्टाइल एक्सपर्ट, मुंबई) कहते हैं कि मानता हूं कि जुबान का स्वाद जरूरी है और खाना मजेदार होना भी चाहिए। लेकिन दिक्कत तब होती है जब दफ्तर का तनाव, वक्त की कमी और थकान के बहाने हम रोज-रोज पैकेटबंद या फास्ट फूड खाने लगते हैं।
असली समस्या स्वाद नहीं, बल्कि वो आदत है जो पोषण की बलि चढ़ा देती है। ऐसा खाना धीरे-धीरे हमारी एनर्जी सोख लेता है, हाजमा बिगाड़ता है, बेवजह की भूख बढ़ाता है और मूड खराब करता है। हमें उबाऊ खाना नहीं खाना है, बल्कि ऐसा भोजन चुनना है जो जीभ को भी भाए और शरीर को भी ताकत दे।
थाली को करें अपग्रेड
बाजार के जंक फूड को बाय-बाय कहने के लिए आपको रातोंरात अपनी पूरी रसोई बदलने की जरूरत नहीं है। बस अपनी रोज की थाली को थोड़ा सा अपग्रेड कर दीजिए। उसमें दालें, अंकुरित अनाज (स्प्राउट्स), हरी सब्जियां, ताजे फल, दही, नट्स और मोटे अनाज-श्रीअन्न (जैसे बाजरा, ज्वार या बेझर की रोटी) शामिल करें।
शाम की छोटी भूख के लिए चिप्स या बिस्कुट का पैकेट फाड़ने के बजाय भुने चने, मखाना, फल या घर का बना कुछ हल्का स्नैक्स लें। सबसे जरूरी बात-खाते समय टीवी, फोन या लैपटाप को बिल्कुल दूर रख दें। भोजन को आराम से चबाकर और उसका आनंद लेकर खाएं।
इंजेक्शन्स का कड़वा सच
आजकल रातोंरात स्लिम होने के लिए वजन घटाने वाले इंजेक्शन्स (जैसे ओजेंपिक या जीएलपी-1 दवाएं) का क्रेज बहुत बढ़ गया है। अनुभवी डाक्टर की देखरेख में यह गंभीर रूप से बीमार या मोटापे के मरीजों के लिए मददगार हो सकते हैं, लेकिन इन्हें वजन घटाने का शार्टकट मानना बहुत बड़ी भूल है।
अगर आप अपना लाइफस्टाइल, तनाव और अधूरी नींद की समस्या नहीं सुधारते, तो ये इंजेक्शन्स सिर्फ एक अस्थायी छलावा हैं। आज बहुत सारे सेलेब्रिटीज इस बात का उदाहरण बन गए हैं कि बिना सही डाइट और कसरत के वजन भले कम हो जाए, लेकिन आप अपनी अंदरूनी ताकत, एनर्जी और मसल्स (मांसपेशियां) खो देंगे।
नकली लुक्स की अंधी दौड़
वजन घटाने वाली इन आधुनिक दवाओं का सबसे बड़ा खतरा यह है कि लोग इन्हें ही फाइनल प्लान मान लेते हैं। हकीकत यह है कि इन दवाओं के साथ भी शरीर को पर्याप्त प्रोटीन, विटामिंस, पानी और फाइबर की जरूरत होती है। अगर आप सिर्फ इंजेक्शन के भरोसे खाना-पीना छोड़ देंगे, तो कमजोरी, कब्ज, लो-एनर्जी और समय से पहले बुढ़ापा हावी होने लगेगा।
यह कड़वा सच है कि इन दवाओं की अचानक बढ़ी लोकप्रियता के पीछे असल सेहत से ज्यादा इंटरनेट मीडिया का दबाव और सेलेब्रिटीज जैसा दिखने की अंधी दौड़ है। हर कोई प्राकृतिक समय सीमा को भूलकर रातोंरात चमत्कारी नतीजे चाहता है।
स्वास्थ्य की सरल दिनचर्या
हमारा शरीर एक ऐसी मशीन है जो खुद को अंदर से ठीक (सेल्फ हील) करना जानती है, बस हमें उसे सही माहौल देना होगा। इसके लिए आपकी दिनचर्या बहुत ही सरल होनी चाहिए। सुबह उठकर सबसे पहले प्राकृतिक धूप लें और खूब पानी पिएं। खाने में प्रोटीन और फाइबर का संतुलन रखें।
मुमकिन हो तो लंच या डिनर के बाद 10 मिनट जरूर टहलें। हफ्ते में 2-3 बार स्ट्रेंथ ट्रेनिंग या कोई भी कसरत करें। रात का खाना हल्का और जल्दी खाएं और सोने से एक घंटे पहले स्क्रीन को गुडनाइट कह दें। दिमाग को शांत करने के लिए कुछ मिनट प्राणायाम करें, डायरी लिखें या बस मौन बैठें।
जीवनशैली बदलना ही समझदारी
दवाओं का अपनी जगह महत्व है लेकिन समझदारी इसी में है कि बीमारी होने की नौबत ही न आए। इसका मकसद मेडिकल साइंस को नकारना नहीं है, बल्कि अपने शरीर को इतना मजबूत बनाना है कि दवाइयों की जरूरत ही न पड़े। अपनी लाइफस्टाइल को ही अपनी मूल दवा मानिए।
जब हम रोज अच्छा खाना खाते हैं, वक्त पर सोते हैं और मानसिक रूप से शांत रहते हैं, तो हमारे शरीर का पूरा अंदरूनी माहौल बदल जाता है। असली फिटनेस सिर्फ शीशे में पतले दिखने में नहीं है। खुद से पूछिए- क्या आप पहले से ज्यादा एक्टिव महसूस कर रहे हैं? क्या आपकी नींद अच्छी हुई है? क्या आपका डाइजेशन ठीक है? अगर आपका जवाब हां है, तो आप सही मायने में फिट हो रहे हैं!
किचन के 5 बाहुबली
बेहतर जीवन के लिए इन 5 सुपरफूड्स को सही समय और सही तरीके से अपनी रोज की डाइट का हिस्सा बनाएं:
- हल्दी (रात को सोने से पहले)- यह शरीर की अंदरूनी सूजन को खत्म करती है। रात को गुनगुने दूध में आधा चम्मच हल्दी, एक चुटकी पिसी काली मिर्च और आधा चम्मच शुद्ध गाय का घी मिलाकर पिएं। काली मिर्च और घी के बिना शरीर हल्दी को पूरी तरह एब्जॉर्ब नहीं कर पाता।
- अनार (सुबह या दोपहर)- यह दिल को दुरुस्त रखता है और ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है। इसका जूस पीने के बजाय दानों को चबाकर खाएं ताकि जरूरी फाइबर भी मिले। शाम के बाद इसे न खाएं।
- ग्रीन टी (नाश्ते या लंच के 1 घंटे बाद)- यह मेटाबालिज्म को बूस्ट करती है। उबले पानी को थोड़ा ठंडा करके चाय की पत्तियां 2 मिनट ढककर छोड़ें। इसमें दूध या चीनी बिल्कुल न मिलाएं। खाली पेट इसे लेने से बचें।
- वर्जिन नारियल तेल (सुबह खाली पेट)- यह पेट के अच्छे बैक्टीरिया को जगाता है और तुरंत एनर्जी देता है। सुबह उठकर एक छोटी चम्मच (5मिली) कच्चा नारियल तेल सीधे पिएं या ब्लैक काफी में मिलाकर लें।
- मशरूम (लंच या डिनर में)- यह विटामिन-डी और इम्युनिटी का खजाना है। मगर इसे कभी कच्चा न खाएं, बल्कि थोड़े से घी या बटर में लहसुन के साथ तेजी से चलाते हुए (सौते करके) पकाएं।
(अस्वीकरण : यह आलेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। अपनी डाइट या रूटीन में बदलाव करने से पहले विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
