ज्यादातर भारतीय महिलाओं में है प्रोटीन की कमी, इन 6 लक्षणों से रहें सावधान; डाइट में करें ये बदलाव
महिलाओं में प्रोटीन की कमी के कारण कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए डाइट में सही मात्रा में प्रोटीन शामिल करना जरूरी है। ...और पढ़ें

क्यों भारतीय महिलाओं में बढ़ रही है प्रोटीन की कमी? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर बात भारतीय खान-पान की करें, तो इसमें कार्बोहाइड्रेट्स को ज्यादा महत्व दिया जाता है। इसके कारण अक्सर प्रोटीन पीछे छूट जाता है। ज्यादातर भारतीय महिलाएं अनजाने में प्रोटीन की कमी से जूझ रही हैं, खासकर वेजिटेरियन डाइट लेने वाली महिलाएं।
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आलोक चोपड़ा बताते हैं कि दिनभर में केवल एक बार दाल खाना शरीर की प्रोटीन की जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी नहीं है। इसलिए इस ओर ध्यान देना काफी जरूरी है। आइए जानें प्रोटीन की कमी के संकेत कैसे होते हैं और एक दिन में आपके शरीर को कितने प्रोटीन की जरूरत होती है?
प्रोटीन की कमी को कैसे पहचानें?
प्रोटीन सिर्फ मांसपेशियों के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि इम्युनिटी, हार्मोन्स, बाल, हड्डियों और स्किन के लिए भी काफी जरूरी है। इसलिए इसकी कमी होने पर शरीर में कई लक्षण दिखाई देते हैं-
- कमजोर नाखून और झड़ते बाल- यह प्रोटीन की कमी का सबसे शुरुआती लक्षण है। बालों और नाखूनों के लिए प्रोटीन जरूरी है।
- लगातार भूख और कमजोरी महसूस होना- प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और एनर्जी देता है। इसकी कमी से बार-बार खाने की इच्छा होती है।
- बार-बार बीमार पड़ना- हमारे इम्यून सिस्टम को मजबूत रखने के लिए प्रोटीन की जरूरत होती है।
- चिड़चिड़ापन और फोकस में कमी- प्रोटीन दिमाग के न्यूरोट्रांसमीटर को प्रभावित करता है, जिससे मूड स्विंग्स और मानसिक थकान हो सकती है।
- मांसपेशियों में कमजोरी- एमीनो एसिड की कमी से मांसपेशियां कम होने लगती है।
- हड्डियों में दर्द या फ्रैक्चर- जब हड्डियों के टिश्यूज को सही मात्रा में प्रोटीन नहीं मिलता, तो फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है।
View this post on Instagram
एक दिन में कितना प्रोटीन लेना चाहिए?
प्रोटीन की सही मात्रा आपके शरीर के वजन पर निर्भर करती है। सामान्य तौर पर शरीर के प्रति किलोग्राम वजन पर 0.8 ग्राम प्रोटीन जरूरी है।
डॉ. चोपड़ा के अनुसार, भारतीय महिलाओं को खासतौर से 40 की उम्र के आसपास, अपने वजन के प्रति किलोग्राम पर 1 से 1.2 ग्राम प्रोटीन लेना चाहिए। उदाहरण के लिए अगर आपका वजन 60 किलो है, तो आपको दिनभर में 60 से 75 ग्राम प्रोटीन की जरूरत है।
इसे दिन के तीनों समय के खाने में समान रूप से बांटना चाहिए। यानी हर मील में लगभग 20 से 25 ग्राम प्रोटीन लेने का लक्ष्य रखें।

(AI Generated Image)
क्या प्रोटीन सप्लीमेंट्स सिर्फ जिम जाने वालों के लिए हैं?
यह एक बहुत बड़ा मिथक है कि प्रोटीन शेक या सप्लीमेंट्स केवल बॉडी बिल्डर्स या एथलीट्स के लिए होते हैं। सच यह है कि प्रोटीन सप्लीमेंट किसी भी उस व्यक्ति के लिए फायदेमंद है जो अपने रोज के खाने से प्रोटीन की जरूरत पूरी नहीं कर पा रहा है।