यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sweet Potato Benefits: सेहत के लिए काफी लाभदायक है सर्दियों में शकरकंद का सेवन, जानें इसके फायदे
सर्दियां शुरू होते ही हर कोई अपनी सेहत का खास ख्याल रखने लगता है। लोग ठंड से बचने के लिए अपने खानपान में कई तरह की चीजे शामिल करते हैं। अगर आप भी सर्द ...और पढ़ें

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Sweet Potato Benefits: सर्दियां आते ही लोग अपनी सेहत का खास ध्यान रखना शुरू कर देते हैं। ठंड से खुद को बचाने के लिए लोग अपने पहनावे और खानपान में जरूरी बदलाव करते हैं, ताकि वह मौसम में हो रहे परिवर्तन में भी फिट रह सकें। ऐसे में कई लोग सर्दियों के आते ही शकरकंद का सेवन भी शुरू कर देते हैं। शकरकंद का इस्तेमाल अक्सर व्रत-त्योहार में किया जाता है। स्वाद में हल्की सी मीठी यह सब्जी दिखने में कुछ-कुछ आलू जैसी भी नजर आती है। ज्यादातर लोग इसे स्वीट पोटैटो के नाम से भी जानते हैं। सर्दियों में इस्तेमाल में आने वाला शकरकंद ऊर्जा का खजाना होता है। इसमें मौजूद पौषक तत्व सेहत के लिए कई मायने में फायदेमंद होते हैं। तो चलिए जानते हैं इससे होने वाले फायदों के लिए बारे में-
आंखों के लिए फायदेमंद
सेहत को कई फायदे पहुंचाने वाला शकरकंद आपकी आंखों के लिए काफी फायदेमंद होता है। स्वाद में शानदार स्वीट पोटैटो खाने से आपकी आंखों की रोशनी अच्छी होती है। अगर आप लंबी उम्र तक अपनी आंखों की रोशनी बचाकर रखना चाहते हैं, तो नियमित रूप से शकरकंद का सेवन आपके लिए फायदेमंद रहेगा।
हाई ब्लड प्रेशर में कारगर
पोषक तत्वों और उर्जा से भरपूर शकरकंद खाने से आप दिल की कई बीमारियों से भी दूर रहते हैं। इसमें मौजूद फाइबर आपके शरीर में बैड कोलेस्टॉल कम करने में सहायक होता है। साथ ही पोटैशियम की अच्छी मात्रा की वजह से इसका सेवन करने से आपको हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी में भी राहत मिलती है।
आयरन की कमी दूर करता है शकरकंद
शकरकंद में भरपूर मात्रा में आयरन पाया जाता है। हमारे शरीर में आयरन की कमी से उर्जा खत्म हो जाती है, जिससे प्रतिरोधक क्षमता बुरी तरह प्रभावित होती है और शरीर के अंदर ब्लड सेल्स का अच्छे से निर्माण नहीं हो पाता है। ऐसे में अगर आप रोजाना शकरकंद का सेवन करते हैं, तो इससे आपको आयरन की कमी दूर करने में मदद मिलती है।
खबरें और भी
पाचन तंत्र होता है मजबूत
शकरकंद में फाइबर भी भारी मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में रोजाना इसके सेवन से आपका पाचन तंत्र मजबूत होता है और कब्ज की समस्या से भी राहत मिलती है। अगर आप भी पाचन या पेट से जुड़ी किसी समस्या से परेशान हैं, तो शकरकंद आपके लिए फायदेमंद साबित होगा।
विटामिन डी और ए का भंडार
शकरकंद को अगर पोषक तत्वों का भंडार कहा जाए, तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। आयरन, फाइबर से भरपूर शकरकंद विटामिन डी का भी अच्छा स्त्रोत है। ऐसे में इसे खाने से आपके दांत, हड्डियों, त्वचा और नसों के विकास में मदद मिलती है। इसके साथ ही इसके सेवन में शरीर में विटामिन ए की कमी भी पूरी हो जाती है।
कम होता है कैंसर का खतरा
नियमित रूप से शकरकंद का सेवन करने से इसमें मौजूद कैरोटीनॉयड की वजह कैंसर का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है। ऐसे में कैंसर रोगियों के लिए यह काफी फायदेमंद साबित होगा। अगर आप भी इस गंभीर समस्या से बचना चाहते हैं, तो इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
Picture Courtesy: Freepik