सावधान! जिसे आप काम का स्ट्रेस और थकान समझ रहे हैं, कहीं वो 'आयरन की कमी' तो नहीं?
अक्सर थकान या चिड़चिड़ेपन को हम काम का स्ट्रेस या नींद की कमी मान लेते हैं, लेकिन कुछ मामलों में यह आयरन की कमी का संकेत भी हो सकते हैं। ...और पढ़ें

लगातार महसूस होती है थकान? (Picture Courtesy: Freepik)
HighLights
लगातार कमजोरी और सुस्ती आयरन की कमी का मुख्य संकेत
चिड़चिड़ापन, मूड स्विंग्स, सांस फूलना भी प्रमुख लक्षण
पीली त्वचा, ठंडे हाथ-पैर, असामान्य खाने की इच्छा भी संकेत
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दिनभर की भागदौड़ के बाद शाम को थकान होना या काम के दबाव में स्ट्रेस महसूस होना बेहद आम बात है। जब भी हमें बिना किसी वजह के कमजोरी महसूस होती है या मूड खराब होता है, तो हम अक्सर खुद ही यह मान लेते हैं कि शायद काम का प्रेशर ज्यादा है या आजकल नींद ठीक से पूरी नहीं हो रही है।
हालांकि, कई बार यह मामूली थकान से ज्यादा गंभीर समस्या हो सकती है, जिसे हम नजरअंदाज कर कर रहे हैं। ये लक्षण आयरन की कमी का संकेत भी हो सकते हैं। इसलिए इन्हें अनदेखा करना आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकता है। आइए जानें इस बारे में।
कैसे होते हैं आयरन की कमी के संकेत?
- लगातार कमजोरी और सुस्ती- आयरन की कमी का यह सबसे बड़ा संकेत है। दरअसल, हीमोग्लोबिन कम होने की वजह से शरीर के सभी अंगों तक सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता। इसके कारण आप हर वक्त थका हुआ और कमजोर महसूस करते हैं।
- चिड़चिड़ापन और मूड स्विंग्स- हीमोग्लोबिन की कमी के कारण दिमाग को भी सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिलता। इस वजह से काम पर फोकस करने में परेशानी, सिरदर्द या बेवजह चिड़चिड़ापन की समस्या हो सकती है।
- सांस फूलना- थोड़ा सा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना और घबराहट होना आयरन की कमी का संकेत है। शरीर में ऑक्सीजन की कमी पूरी करने के लिए दिल पर ज्यादा मेहनत करता है, जिसके कारण धड़कनें तेज हो जाती हैं, जिसे हम कई बार एंग्जायटी समझ लेते हैं।
स्ट्रेस और आयरन की कमी में अंतर
आयरन की कमी के कारण नजर आने वाले लक्षण, जैसे थकान, चिड़चिड़ापन आदि स्ट्रेस के लक्षणों जैसे महसूस हो सकते हैं, लेकिन कुछ और संकेतों से इनमें फर्क कर सकते हैं।
- त्वचा का पीलापन- अगर आपकी त्वचा पीली दिखने लगी है, तो यह शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी का संकेत हो सकता है।
- हाथ-पैर ठंडे रहना- अगर आपके हाथ-पैर हमेशा ठंडे रहते हैं, तो यह खराब ब्लड सर्कुलेशन और आयरन की कमी का संकेत है।
- असामान्य चीजें खाने की इच्छा- आयरन की गंभीर कमी होने पर मिट्टी, चॉक या कच्चे चावल खाने की इच्छा होने लगती है।
इसलिए अगर लगातार थकान और कमजोरी जैसे लक्षण नजर आएं, तो अपने डॉक्टर से मिलकर आयरन की कमी जांचने के लिए टेस्ट करवाएं।