जमीन से 280 फीट नीचे बसा है 2500 साल पुराना यह रहस्यमयी शहर, पढ़ें 18 मंजिला डेरिनकुयू का अनोखा सच
यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल है तुर्किए का यह खास डेरिनकुयू शहर, बड़ा ही रोचक है इसका इतिहास। ...और पढ़ें

तुर्किए का डेरिनकुयू शहर (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। तुर्किए में एक ऐसा शहर है जो जमीन के नीचे बसा हुआ है, यह बात सुनने पर थोड़ी अटपटी जरूर लग सकती है पर वाकई में यह शहर अपने आप में एक अजूबा है। हम बात कर रहे हैं डेरिनकुयू शहर की। आइए जानते हैं इस शहर के पीछे की दिलचस्प कहानी।
तुर्किए का डेरिनकुयू शहर
तुर्किए के कापाडोसिया क्षेत्र के नेवेशीर प्रांत में स्थित डेरिनकुयू शहर जमीन के ऊपर होने के साथ-साथ नीचे भी है। दूसरे शब्दों में कहें तो यह शहर अंडरग्राउंड भी है, जो सभी को हैरान-परेशान कर सकता है। डेरिनकुयू का तुर्की में मतलब ही ‘गहरा कुआं’ होता है। बताते चलें कि यह शहर करीब 280 फीट की गहराई में बसा है।
डेरिनकुयू शहर का इतिहास
1960 के दशक में इस शहर को खोजा गया था और माना जाता है कि 8वीं से 7वीं ईसा पूर्व के बीच फ्रिन्जियस साम्राज्य के समय इसे बनाया गया था जिसका विस्तार बीजान्टिन साम्राज्य के समय तक देखा गया। बताते चलें कि फ्रिजियंस साम्राज्य का पतन रोमन के तुर्किए में आने से खत्म हो गया था। लेकिन शहर का विस्तार बीजान्टिन साम्राज्य तक हुआ। शांति इस जगह के लिए कभी आसान नहीं रही क्योंकि 7वीं से 10वीं शताब्दी के बीच यहां भयंकर युद्ध देखे गए। ऐसे में स्थानीय ईसाई निवासियों ने इस भूमिगत शहर को बहुत बड़ा बनाया और इसे सुरक्षित पनाहगाह का रूप दिया। इस तरह डेरिनकुयू शहर 2500 साल से भी ज्यादा पुराना है।
डेरिनकुयू शहर से जुड़ी रोचक बातें
यह अंडरग्राउन्ड सिटी 18 मंजिलों तक नीचे फैली हुई है लेकिन सुरक्षा वजहों से शुरुआती 8 मंजिले ही आम लोगों के लिए खुली हैं।
डेरिनकुयू लगभग 4,000 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैला शहर है जिसमें अनुमान के मुताबिक 20,000 लोग रह सकते हैं।
शहर में रहने के लिए कमरे, स्कूल, चर्च, अनाज रखने के गोदाम और जेल तक बनाई गई हैं।
तुर्किए का यह भूमिगत शहर साल 1985 में गोरेमे नेशनल पार्क एंड द रॉक साइट्स ऑफ कप्पाडोसिया के एक हिस्से के रूप में यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल गया था।
जमीन के नीचे कैसे बना यह शहर?
जमीन के नीचे शहर इसलिए बन गया क्योंकि इस पूरे क्षेत्र की जमीन ज्वालामुखी की राख से बनी थी, और इन चट्टानों को आसानी से काटा और तराशा जा सकता था। इसी वजह से लोगों ने बचने के लिए अपने घर ऊपर बनाने के बजाय जमीन के नीचे बनाना शुरू कर दिया।