‘होमवर्क क्यों नहीं किया’ जैसे टीचर्स के वो सबसे यादगार डायलॉग्स जो आज भी चेहरे पर ला देते हैं बड़ी सी मुस्कान
हम कितने भी बहाने बना लें पर टीचर्स के ये डायलॉग्स तो हमेशा याद रहने वाले हैं।

टीचर्स के फेमस डायलॉग्स ?(Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज भी जब हम टीचर्स डे के बारे में सुनते हैं तो हमें अपने पुराने दिन याद आते हैं, क्योंकि एक यही तो दिन होता था जब बच्चे अपनी फेवरेट टीचर जैसा बनकर उनकी नकल कर पाते थे और उन्हें डांट भी नहीं पड़ती थी।
उन दिनों से जुड़े डिसिप्लिन और पढ़ाई जैसी बातों के अलावा, आज कुछ याद रह गया है तो वो वही पुराने टीचर्स के डायलॉग्स हैं। इसमें भी सबसे खास बात पता है क्या है? इन्हें आज भी हर जेनरेशन अपने टीचर्स से रिलेट कर पाती है।
होमवर्क क्यों नहीं किया? खाना खाना भूले थे क्या?
क्लास में कोई स्टूडेंट जब भी होमवर्क करके नहीं लाता था, तब टीचर्स का सबसे तीखा सवाल हुआ करता था कि कभी खाना भूलते हो? उस समय ऐसा लगता था मानो सामने से टीचर ने कोई ब्रह्मास्त्र छोड़ दिया हो क्योंकि इसके बाद कोई जवाब ही नहीं होता था।
यह मेरी जिंदगी की सबसे बुरी क्लास है
क्लास में कोई टीचर आई हो और वो यह न कहे कि इससे बुरी क्लास मैंने कभी नहीं देखी, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। सबसे मजेदार बात यह है कि यह डायलॉग हर एक नए बैच को कहा जाता था, शायद इस आस से कि सभी सुधरने की कोशिश करें। ऐसा कोई स्टूडेंट ही नहीं होगा जिसने अपनी टीचर से यह बात न सुनी हो, क्यों सही कहा न?
पीछे जो मछली बाजार बना रखा है
क्लास के सारे बच्चे चाहे जोर-जोर से बातें कर रहे हों या फिर हल्की-फुल्की फुसफुसाहट, मछली बाजार होने का टैग मिलना यूनिवर्सल है। हर टीचर के लिए आज भी यह सबसे पसंदीदा डायलॉग है।
कल पेरेंट्स के सिग्नेचर चाहिए
टीचर का एक अल्टिमेटम कि सिग्नेचर के बगैर क्लास में एंट्री नहीं मिलेगी, कहीं न कहीं हमें डरा जरूर देता था। उसपर भी अगर किसी स्टूडेंट के मार्क्स बहुत कम आए हो और वो रिपोर्ट कार्ड दिखाना नहीं चाहता हो तो सिग्नेचर वाली बात किसी धमकी से कम नहीं होती थी।
जो पीछे बैठकर हंस रहे हैं, खड़े हो जाओ और जोक मुझे भी बताओ
क्लास में पीछे बैठे लोग टीचर की नजरों में दुश्मन जैसे होते हैं, ऐसा लगता है कि सबकी गलती की सजा उन्हें ही मिल रही है। फिर जब टीचर से यह सुनने को मिल जाए कि क्यों हंस रहे हो, पूरी क्लास को जोक सुनाओ तब वो बात बताना दुनिया का सबसे मुश्किल टास्क होता था। पर एक बात तो है कि बैकबेंचर्स के बगैर क्लास में रौनक नहीं होती।
