बाजार से लाने का झंझट छोड़ें, घर पर ही लगा लें हरे-भरे धनिये का पौधा! यहां है पूरी गाइड
बाजार से धनिया खरीदने के बजाय क्यों न घर पर इसके पौधे को उगाया जाए, आइए जानते हैं इसके स्टेप्स। ...और पढ़ें

घर पर धनिये का पौधा लगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका (Image Source: AI Generated)
HighLights
धनिये के बीजों को मसलकर रातभर पानी में भिगोएं
गमले में सही मिट्टी और खाद का मिश्रण तैयार करें
नियमित पानी दें, 30-45 दिनों में धनिया कटाई के लिए तैयार
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। खाने की खुशबू और स्वाद बढ़ाने वाला धनिया एंटीऑक्सीडेंट्स, मिनरल्स और विटामिंस जैसे कई पोषक तत्वों का खजाना है। यह इम्युनिटी बढ़ाने के साथ ही ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करने और पाचन बेहतर रखने में भी बड़ा मददगार है। धनिये के इतने फायदे हैं लेकिन एक सबसे बड़ी कमी यह है कि धनिया कुछ ही दिनों में जल्दी मुरझा जाता है। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए क्यों न घर पर धनिये का पौधा लगाया जाए और घर की खेती से ही ताजे धनिये खाने में शामिल किया जाए।
घर पर धनिये का पौधा लगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
सबसे पहले धनिये के बीज यानी साबुत धनिये को मसल लें और उनके टुकड़े कर लें। इसके लिए कॉटन के कपड़े में इन्हें लपेटें और बेलन से टुकड़े करें।
इन टुकड़ों को एक कटोरे में पानी में डालकर रातभर के लिए रख दें। यह तरीका बीजों को अंकुरित करने में मदद करेगा।
धनिये के लिए आप गमला या कंटेनर दोनों में से कोई भी ले सकते हैं। उसकी चौड़ाई 3-4 इंच होनी चाहिए।
इस गमले या कंटेनर में मिट्टी भरनी है, इसका अनुपात 60% मिट्टी, 20% गोबर की खाद और 20% कोकोपीट के हिसाब से होना चाहिए।
फिर भीगे हुए बीजों को मिट्टी के ऊपर से छिड़क देना है।
धनिये के बीजों के ऊपर मिट्टी की एक पतली सी परत डाल देनी है। ध्यान रहे कि मिट्टी को बीजों पर हाथों से ज्यादा दबाव देकर नहीं रखना है।
बीजों को सुरक्षित डालने का दूसरा तरीका यह हो सकता है कि बीजों को डालने से पहले उंगलियों से छोटे-छोटे गड्ढे बना लें और उनमें बीज भरें।
इस तरह आपने बीज बो दिए हैं और उसमें पहली बार में अच्छे से पानी देना है ताकि मिट्टी पूरी भीग जाए।
इन बीजों को रोजाना नियमित रूप से सुबह और शाम पानी देना है। आप पाएंगे कि 10-15 दिन में पौधा अंकुरित होने लगेगा।
जब भी पानी डालने जाएं तो यह चेक करें कि पौधे की मिट्टी सूखी हुई है या फिर उसमें नमी है। नमी होना पॉजिटिव निशानी है कि पौधा तेजी से बढ़ेगा। वहीं, मिट्टी की ड्राइनेस ज्यादा पानी की मांग करती है।
पौधे में 30-45 दिनों में धनिया आने लगता है और उसकी कटाई की जा सकती है। बस इस बात का ध्यान रखें कि धनिये को उसके जड़ से काटने के बजाय ऊपर से ही काटें।