मोबाइल छोड़ किताबों से होगी बच्चों की पक्की दोस्ती! समर वेकेशन के लिए बेस्ट हैं ये मजेदार कहानियां
इस बार गर्मी की छुट्टियों में सच्चे दोस्त बनाइए। मोबाइल स्क्रीन को थोड़ा आराम देकर मम्मी-पापा के साथ लाइब्रेरी या बुक स्टोर का चक्कर लगाइए और अपनी पसंद ...और पढ़ें
-1780812742020_m.webp)
बच्चों में डालें किताबें पढ़ने की आदत (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी में स्कूल की छुट्टियों और किताबों का याराना पुराना है। मगर स्मार्टफोन इस यारी में दरार डालने की हरसंभव कोशिश करता आ रहा है। अब बाहर इतनी गर्मी है और स्कूल का प्रेशर भी है कम, तो इस फ्री टाइम में घर बैठे सैर कर सकते हैं शब्दों की रहस्यमयी दुनिया की। हम बात कर रहे हैं आपकी सबसे पक्की और सच्ची दोस्त यानी किताबों की!
नए एडवेंचर की तलाश
अगर आपको रहस्य सुलझाना और जादुई सफर पर निकलना पसंद है, तो इस साल के नए प्रकाशनों में ऐसी कई कहानियां आई हैं जो आपको बांधकर रखेंगी। इनमें सबसे पहला नाम है बच्चों की पसंदीदा लेखिका सुधा मूर्ति का। उनकी किताब 'खोए हुए झुमकों का रहस्य' में कानों के पुराने झुमके की जोड़ी किताब की नायिका नूनी को ले जाती है उज्जैन के घाटों से अमृतसर की हलचल भरी सड़कों तक, दिल्ली की ऐतिहासिक गलियों से होते हुए लंदन तक।
वहीं अगर आपको जानना है कि जब घर के पालतू जीव को पता चले कि वह उस घर की संतान नहीं बल्कि 'किडनैप' (जिसे घर के लोग खरीदकर लाने की बात कहते हैं) करके लाया गया है, तो कैसा होगा? इसके लिए पढ़िए प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इरा टाक की 'द पिकोलो फाइल्स'। यह पुस्तक पिकोलो नाम के पालतू श्वान के दृष्टिकोण से इंसानी भावनाओं, वफादारी और रिश्तों को दर्शाती है।
इसी तरह वेस्टर्न घाट के जंगलों में रहने वाली चिट्टी नामक समझदार श्वान के रोमांचकारी जीवन का वर्णन करती किताब 'चिट्टी- एक कुत्ता और उसका जंगल फार्म' लिखी है सेरो ने। राजीव अयपे और जितेंद्र जीत द्वारा अनूदित एकलव्य फाउंडेशन की यह कृति आपको हंसाएगी, रुलाएगी और हैरत में डाल देगी।
खबरें और भी
कॉमिक्स का नया अवतार
अगर आप उन बच्चों में से हैं जिन्हें मोटी-मोटी किताबें पढ़ना पसंद नहीं, तो आपके लिए इस साल हिंदी में बेहतरीन ग्राफिक नावेल्स (सचित्र उपन्यास) और कॉमिक्स लांच हुए हैं। अगर आपको जाननी है हमारे देश की संस्कृति, तो वेदों और उपनिषदों की कहानियों का पुनकर्थन करके आज की पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं वेस्टलैंड बुक्स की प्रतिलिपि कामिक्स की ओर से कमलेश पटेल उर्फ दाजी।
इसी अंदाज में आप विक्रम और बेताल, हितोपदेश और पुराणों की कहानियां आदि पढ़ सकते हैं। घुमक्कड़ी के बहाने नई-नई चीजों को जानने की रोचकता लिए कहानी संग्रह 'कहीं नहीं' लिखा है मधु बी. जोशी ने। अनबाउंड स्क्रिप्ट की यह किताब दोस्ती, जिज्ञासा और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों से परिचित कराते हुए कल्पना को नई उड़ान देगी।
इनसे बनेंगी छुट्टियां और भी मजेदार
नई शिक्षा नीति 2020 में बच्चों के बीच पठन संस्कृति के विकास की बात को आगे बढ़ाते हुए आठ से 12 साल के बच्चों के लिए नेशनल बुक ट्रस्ट ने शुरू की है 'आधुनिक कालजयी बाल कहानियां' शृंखला। इसमें फणीश्वरनाथ रेणु, विष्णु प्रभाकर, मन्नू भंडारी, सुभद्रा कुमारी चौहान, शिवपूजन सहाय जैसे हिंदी लेखकों की प्रसिद्ध कहानियों को शामिल किया गया है।
उदाहरणस्वरूप अगर आपको लगता है कि साइकिल चलाना आपके लिए मुश्किल और मजेदार अनुभव दोनों था, तो जरा जायजा लें हिंदी के प्रसिद्ध साहित्यकार सुदर्शन की हास्य-व्यंग्य कहानी 'साइकिल की सवारी' का। प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार डा. नरेन्द्र कोहली द्वारा लिखा गया बाल एवं किशोर-कथा संग्रह 'झबरी एवं अन्य कहानियां' मनोरंजक होने के साथ-साथ किशोरों के मन और मस्तिष्क को सही दिशा देने पर जोर देती है।
इसी प्रकाशन गृह से पैटर्न खोजने और व्यवस्थित तरह से सोचने के बारे में किताब 'चकड़ी गांव का जादू' लिखी है जयकिशन गोडसोरा ने, तो मुहावरों को कविताओं के जरिए भाषा ज्ञान देती उमाकांत मालवीय की किताब 'ऊटपटांग' आपके लिए हो सकती है बेहद मजेदार और ज्ञानवर्धक!
भारत के रतन
कारपोरेट जगत के महानायक रतन टाटा भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं मगर उनके जीवन के मानवीय, सरल और दयालु पहलुओं को दुनिया के सामने लाने के लिए उनके सबसे प्रिय सहायक और युवा महाप्रबंधक शांतनु नायडू ने लिखी है 'रतन टाटा: एक प्रकाश स्तंभ'। मंजुल प्रकाशन की इस भावुक और प्रेरक पुस्तक में शांतनु ने उनके कई अनछुए पहलुओं को साझा किया है।
किताबों का उठाएं पूरा लाभ
- दोस्तों के साथ किताब का आदान-प्रदान करें। इससे कम पैसों में ज्यादा किताबें पढ़ने को मिलेंगी।
- डायरी में लिखें कि आपको कौन सा किरदार सबसे अच्छा लगा और क्यों।
- दोस्तों या भाई-बहन के साथ रीडिंग चैलेंज करें। जैसे- कौन सबसे पहले व सही ढंग से पूरी किताब पढ़ता है।
- कोई कहानी पढ़ने के बाद एक डायरी में लिखें कि अगर आप लेखक होते, तो उस कहानी को कैसे खत्म करते।
बढ़ेगा भाषा ज्ञान
हिंदी किताबों से दोस्ती करके आप अपनी मातृभाषा के रोज कई शब्द सीख सकते हैं। इससे आपकी सोचने की क्षमता तो बढ़ेगी ही, आपकी हिंदी भी इतनी शानदार हो जाएगी कि स्कूल खुलने पर टीचर भी हैरान रह जाएंगे!