यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
DIY Ideas: घर पर पड़ी पुरानी चीजों से हैं परेशान, तो ऐसे करें रेनोवेट
DIY Ideas पुराने से कुछ नया बनाना किसी भी चीज को वेस्ट होने से बचाने का सबसे अच्छा तरीका है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। DIY Ideas: घर को सजाने के लिए जरूरी नहीं कि हर बार कोई नया सामान लिया जाए। अगर आप चाहें तो घर पर पड़े पुराने और बेकार सामान से भी घर को रेनोवेट किया जा सकता है। घर पर रोजाना ढेर सारा कचरा पैदा होता है जैसे नारियल के छिलके, पुराने अखबार, कांच के जार, प्लास्टिक की बोतलें और गत्ते के डिब्बे आदि। इन सभी चीजों का उपयोग कर आप घर को एक नया लुक दे सकते हैं।
बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट का सीधा सा मतलब है कि ऐसी चीजों से कुछ नया और आकर्षक बनाना जो किसी काम का न हो। आप घर पर ही कचरे से शानदार एक्सेसरीज बना सकते हैं। तो चलिए आज हम आपको कुछ ऐसी ट्रिक्स के बारे में बताते हैं, जिनकी मदद से आपका घर और भी ज्यादा सुंदर नजर आएगा।
कांच की बोतल से बनाएं लैंप
घर पर पड़ी कांच की बोतलों को लोग अक्सर कचरा समझ कर फैक देते हैं। ऐसा न करें कांच की बोतलों से आप लैंप बना सकते हैं। लैंप बनाने के लिए आपको सबसे पहले कांच की बोतल को कटर की मदद से नीचे से काटना होगा और फिर उसके ऊपर के हिस्से से अंदर के आकार के अनुसार फेरी लाइट्स फिट करनी होगी। यह ट्रिक आप घर पर पड़ी रंग बिरंगी बोतलों के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं और एक खूबसूरत लैंप तैयार कर सकते हैं।
पुराने गमलों को दें नया लुक
घर की खूबसूरती को चार चांद लगाने का काम गार्डन एरिया का होता है। ऐसे में अगर आपके गमले पुराने हो गए हैं, तो उन्हें नया लुक दिया जा सकता है। आप गमलों को पेंटिंग, कलरिंग, क्रोशिया के जरिए खूबसूरत बना सकती हैं। इसके लिए आपको गमलों को सबसे पहले कपड़े या ब्रश की मदद से साफ करना होगा और फिर अपनी पसंद के अनुसार पेंटिंग या रंग करना होगा।
पुरानी घड़ी
अक्सर देखा जाता है कि घर में लगी घड़ियां सालों-साल एक ही लुक में नजर आती हैं। अगर आप भी उनके इस लुक से बोर हो गए हैं तो आजमाएं ये ट्रिक्स। इसके लिए आपको कटलरी प्लेट, प्लास्टिक चम्मचों और फोर्क्स की जरूरत पड़ेगी। सबसे पहले ड्रिलिंग मशीन की मदद से कटलरी प्लेट के बीच का हिस्सा ड्रिल कर लें फिर एक छेद करके मैटेलिक हिस्से को प्लेट में लगा दें। अब घड़ी के सुइयों वाले आगे के हिस्से को इस हिस्से से जोड़ दें।
नारियल के छिलके में लगाए पौधे
नारियल के छिलके का इस्तेमाल आप घर पर पौधा लगाने के लिए भी कर सकते हैं। नारियल निकालते वक्त विशेष ध्यान दें। उसे एक शेप में लाकर बीच से कट करें। इसके बाद उसमें मिट्टी डालकर पौधा लगाएं। घर के अंदर ही पौधा लगाने के लिए आप इसे ट्राई कर सकती हैं। आप चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार नारियल के छिलके को बाहर से पेंट भी कर सकती हैं।
