यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Types of Indian Tea: देश के अलग-अलग हिस्सों में पी जाती हैं ये 6 तरह की चाय, पहले नहीं सुना होगा इनका नाम
चाय दुनियाभर में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पेय पदार्थ है। दुनियाभर में लोग इसके दीवाने हैं। देश-विदेश में ...और पढ़ें

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Types of Indian Tea: चाय भारत में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पेय है। लोग हर मौसम में चाय पीना पसंद करते हैं। वहीं, अगर बात ठंड की करें तो सर्दी के मौसम में चाय पीने का अपना एक अलग ही मजा है। चाय लोगों के जीवन में इस कदर बस चुकी है कि कई लोगों की सुबह ही चाय से होती है। कई लोग तो ऐसे भी होते हैं, तो सुबह-शाम किसी भी वक्त चाय पीने से इनकार नहीं करते हैं। आपके आसपास चाय के ऐसे दीवानों की कोई कमी नहीं है। चाय ही इसी दीवानगी को देखते हुए हर साल दुनियाभर में आज का दिन यानी 15 दिसंबर इंटरनेशनल टी डे के रूप में मनाया जाता है। अगर आप भी चाय में इन्हीं दीवानों में से एक हैं, तो इस खास मौके पर आज हम आपको बताएंगे भारत में अलग-अलग जगह प्रचलित चाय के कुछ प्रकारों के बारे में-
नून चाय
कश्मीर में प्रचलित चाय के इस प्रकार को कश्मीरी चाय भी कहा जाता है। स्थानीय बोली में इसे नून चाय के नाम से जाता है। कश्मीरी में नून का अर्थ नमक होता है यानी यह चाय स्वाद में नमकीन होती है। इस चाय की एक खासियत और है। नून चाय का रंग गुलाबी होता है, जिसकी वजह से पिंक टी भी कहते हैं। इसे कश्मीर घाटी में पैदा होने वाली विशेष पत्तियों 'फूल' से बनाया जाता है। कश्मीर के अलावा यह चाय राजस्थान और नेपाल में भी कई जगह पर मिलती है।
बटर टी
बटर टी यानी मक्खन चाय भारत के अलावा नेपाल और भूटान के हिमालयी लोगों द्वारा खूब पसंद की जाती है। इस चाय को याक के दूध से बने मक्खन, चाय की पत्तियों और नमक से बनाया जाता है। तिब्बत में इस चाय को पोचा (Po Cha) के नाम से भी जाना जाता है। आम चाय के विपरीत ये चाय स्वाद में नमकीन होती है।
मसाला चाय
जड़ी बूटियों, मसालों, दालचीनी और लौंग को मिलाकर बनने वाली चाय को मसाला चाय के नाम से जाना जाता है। इसे बनाने के लिए असम के ममरी चाय के पौधों का इस्तेमाल होता है। इसके अलावा भारत में लेमनग्रास के साथ अदरक चाय और इलायची चाय भी काफी मशहूर है।
तंदूरी चाय
तंदूरी चाय पुणे में मिलने वाली चाय का एक अनोखा और काफी लोकप्रिय प्रकार है। यह चाय पुणे स्थित ‘चाय ला’ में मिलती है। इसे तंदूर में बेहद खास अंदाज में बनाया जाता है और फिर कुल्हड़ में दिया जाता है।
ईरानी चाय
पुणे और हैदराबाद में बेहद लोकप्रिय ईरानी चाय ज्यादातर ईरानी होटल में मिलती है। इस चाय के साथ खाने के लिए मसका या पाव भी दिया जाता है।
अमृत तुल्य चाय
पानी, अदरक, इलायची और चाय की पत्तियों से बनी चाय को अमृत तुल्य चाय कहा जाता है। महाराष्ट्र में इसे खासतौर पर पीतल के बर्तन में बनाया जाता है। यह चाय भी विशेषतौर पर पुणे में मशहूर है।
