भोपाल में 10 नई ई-बसें सड़कों पर उतरीं, 30 तक पहुंचा आंकड़ा; हर 15 मिनट में मिलेगी बस, जान लें रूट व किराया
भोपाल में 10 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है, जिससे शहर में कुल ई-बसों की संख्या 30 ...और पढ़ें

भोपाल की सड़क पर ई-बस।
HighLights
भोपाल में 10 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू।
शहर में अब कुल 30 ई-बसें, हर 10-15 मिनट में सेवा।
दिव्यांग यात्रियों के लिए हाइड्रोलिक सुविधा और आरक्षित स्थान।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में सिटी बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सोमवार से शहर की सड़कों पर 10 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है। इसके साथ ही भोपाल में ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर 30 हो गई है। बसों की संख्या बढ़ने से प्रमुख स्टॉप्स के बीच अब करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल में ई-बस सेवा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
नई बसों के संचालन से कोलार रोड, बावड़ियाकलां, बैरागढ़, एमपी नगर और आईएसबीटी जैसे प्रमुख इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खासतौर पर छात्रों, कोचिंग जाने वाले युवाओं और दफ्तरों में काम करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
रोजाना 12 से 15 हजार यात्री कर रहे सफर
वर्तमान में भोपाल में रोजाना करीब 12 से 15 हजार यात्री ई-बसों का उपयोग कर रहे हैं। नई बसों के बेड़े में शामिल होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ई-बसों का न्यूनतम किराया 6 से 7 रुपये, जबकि अधिकतम किराया 40 रुपये निर्धारित किया गया है।
नई बसों के रूट इस तरह तय किए गए हैं कि शहर के प्रमुख बाजार, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, शैक्षणिक संस्थान और व्यावसायिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
इन तीन प्रमुख रूटों पर चलेंगी नई ई-बसें
B35 : चिरायु अस्पताल, बैरागढ़ से आकृति ईको सिटी, सलैया
यह रूट चिरायु अस्पताल और बैरागढ़ मार्केट से शुरू होकर लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रॉयल मार्केट, पीर गेट, कमला पार्क, पॉलीटेक्निक चौराहा, रोशनपुरा, लिंक रोड नंबर-1, रेडक्रॉस अस्पताल, बोर्ड ऑफिस, एमपी नगर मेट्रो स्टेशन, भाजपा कार्यालय, विट्ठल मार्केट, 12 नंबर बस स्टॉप, रोहित नगर और बावड़िया चौराहा होते हुए आकृति ईको सिटी तक जाएगा।
B36 : कोच फैक्ट्री से बैरागढ़ चिचली, कोलार रोड
इस रूट पर द्वारका नगर, कोच फैक्ट्री, भोपाल रेलवे स्टेशन, अशोका गार्डन, प्रभात चौराहा, ओल्ड सुभाष नगर, चेतक ब्रिज, एमपी नगर मेट्रो स्टेशन, भाजपा कार्यालय, विट्ठन मार्केट, मनीषा मार्केट, बंसल अस्पताल, चूनाभट्टी, मंदाकिनी चौराहा, नयापुरा, ललिता नगर और गेहूंखेड़ा होते हुए बैरागढ़ चिचली तक बसें चलेंगी।
B37 : बैरागढ़ ई-बस डिपो से आईएसबीटी
इस रूट पर बैरागढ़ मार्केट, लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, शाहजहांनाबाद, नादरा बस स्टैंड, भोपाल स्टेशन, जहांगीराबाद, पीएचक्यू, मिंटो हॉल, बिड़ला मंदिर, वल्लभ भवन, विंध्याचल, जिला न्यायालय, डीबी मॉल और चेतक ब्रिज होते हुए आईएसबीटी तक ई-बस सेवा उपलब्ध होगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में सड़क पर जेन जी-अल्फा, कहा- सरकारी स्कूलों को बंद न करो; शिक्षकों की संख्या कम करने का भी विरोध
दिव्यांग यात्रियों के लिए खास सुविधा
नई इलेक्ट्रिक बसों में दिव्यांग और व्हीलचेयर उपयोग करने वाले यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। बसों में चढ़ने और उतरने के लिए हाइड्रोलिक सुविधा दी गई है, जिससे व्हीलचेयर या ट्राइसाइकिल उपयोग करने वाले यात्री आसानी से बस में प्रवेश कर सकेंगे।
बस के भीतर एक साथ दो व्हीलचेयर या ट्राइसाइकिल खड़ी करने के लिए भी पर्याप्त स्थान आरक्षित किया गया है। इससे सार्वजनिक परिवहन को दिव्यांग यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने में मदद मिलेगी।
