भोपाल में किसान आंदोलन उग्र: बैरिकेडिंग तोड़ सीएम हाउस की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी; महाजाम से थमी रफ्तार, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
भोपाल में किसानों का आंदोलन तीसरे दिन उग्र हो गया, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इससे शहर में महाजाम ...और पढ़ें
HighLights
किसानों ने बैरिकेड तोड़कर मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया।
आंदोलन से नर्मदापुरम-भोपाल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा।
यातायात व्यवस्था प्रभावित होने पर स्कूलों में अवकाश घोषित हुआ।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने और अन्य मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन और अधिक उग्र हो गया। मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों को पुलिस ने एमपीआरआई (एम्प्री) के पास वीर सावरकर सेतु पर रोक दिया, जहां दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने बसों की चार परतों में बैरिकेडिंग की थी। शुरुआत में प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने समझाइश देकर नीचे उतार दिया। हालांकि, शाम करीब चार बजे के बाद आंदोलन ने फिर उग्र रूप ले लिया।

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े किसान
प्रदर्शनकारी किसानों ने दोबारा मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन किसान नहीं रुके और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। देखते ही देखते प्रदर्शनकारी रानी कमलापति रेलवे स्टेशन क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए प्रगति पेट्रोल पंप तक पहुंच गए, जिससे पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई।
तीन दिन से आंदोलन, नहीं निकला समाधान
आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनका आरोप है कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन दे रही है।
खबरें और भी
किसानों की प्रमुख मांगों में ग्रीष्मकालीन मूंग की शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी, खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करना और कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य मुद्दों का शीघ्र समाधान शामिल है।
फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

महाजाम से ठप हुई यातायात व्यवस्था
नर्मदापुरम-भोपाल हाईवे पर किसानों के धरने और पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मुख्य मार्ग बंद होने से वाहनों का दबाव वैकल्पिक रास्तों पर आ गया, जिससे मिसरोद, नर्मदापुरम रोड और आसपास की कॉलोनियों में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
हालात इतने गंभीर हो गए कि गंभीर मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गईं। प्रशासन को आपातकालीन वाहनों को संकरे और डायवर्ट किए गए मार्गों से निकालना पड़ा। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कम से कम एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए अलग ग्रीन कॉरिडोर या सुरक्षित लेन की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।

स्कूलों में अवकाश घोषित
यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने के कारण भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने एहतियात के तौर पर नर्मदापुरम रोड स्थित सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।
ट्रैफिक पुलिस की नई एडवाइजरी जारी
किसान आंदोलन के चलते भोपाल यातायात पुलिस ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
यातायात पुलिस के अनुसार आरआरएल तिराहा ब्रिज से उतरकर नर्मदापुरम मार्ग पर किसानों का धरना जारी है, जिससे इस रूट पर सामान्य आवागमन प्रभावित है।
यह भी पढ़ें- किसान आंदोलन पर सरकार का बड़ा कदम, चार मंत्रियों की समिति करेगी वार्ता; कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग तेज
इन वैकल्पिक मार्गों से करें सफर
नर्मदापुरम जाने वाले वाहन: कोलार गेस्ट हाउस तिराहा, कोलार 6 लेन रोड, होली क्रॉस स्कूल तिराहा, अमरावत कला और मंडीदीप मार्ग का उपयोग करें।
मंडीदीप से भोपाल आने वाले वाहन: 11 मील बायपास, नंदी चौराहा, खजूरी कला, एसओएस रोड, पिपलानी, गोविंदपुरा, ज्योति टॉकीज और बोर्ड ऑफिस मार्ग से आएं।
मिसरोद और भोपाल विश्वविद्यालय क्षेत्र के निवासी: बावड़िया ब्रिज, दानापानी, रोहित नगर, शाहपुरा, बाबा नगर, चुनाभट्टी और मनीषा मार्केट मार्ग का उपयोग करें।
मिसरोद क्षेत्र से आवागमन: सलैया होते हुए कोलार और चुनाभट्टी मार्ग अपनाएं।
बागसेवनिया क्षेत्र से शहर की ओर: बागमुगालिया, कुबेर डेयरी, एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, हबीबगंज और आईएसबीटी मार्ग का उपयोग करें।
नर्मदापुरम, बैतूल और जबलपुर जाने वाली बसें: प्रभात चौराहा, पिपलानी और पटेल नगर बायपास से संचालित की जाएंगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर न जाने, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी असुविधा की स्थिति में कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।