'गरबा में अपनी बहन-बेटियों को लाएं', बीजेपी MLA रामेश्वर शर्मा के मुस्लिमों पर दिए बयान पर बवाल; कांग्रेस विधायक मसूद बोले- 'सुधर जाओ'
भोपाल में नवरात्र से पहले गरबा आयोजनों में मुस्लिम युवाओं की भागीदारी पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान से ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, भोपाल। नवरात्र से पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गरबा आयोजनों में मुस्लिम युवाओं की भागीदारी को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने गरबा में मुस्लिम युवाओं के शामिल होने को लेकर कहा कि वे अकेले न आएं, बल्कि अपनी बहन-बेटियों को भी साथ लेकर आएं। उनके इस बयान पर भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
रामेश्वर शर्मा ने करोंद में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में यह टिप्पणी की थी। उनके इस बयान का वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिसको लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
'मुस्लिम लड़के अकेले क्यों आना चाहते हैं?'
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि गरबा केवल उत्सव या मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि मां भगवती की आराधना का पर्व है। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल होने वालों को देवी की आराधना और प्रार्थना की भावना के साथ आना चाहिए।
उन्होंने कहा, 'गरबा में अकेले मुस्लिम लड़के ही क्यों आना चाहते हैं। वे अकेले न आएं, बल्कि अपनी बहन-बेटियों को भी साथ लेकर आएं। हमारे भी छोरे तैयार हैं।'
शर्मा ने आगे कहा कि यदि मुस्लिम समुदाय के लोग गरबा में स्थायी रूप से शामिल होना चाहते हैं तो भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, 'आओ, जय श्रीराम बोलो, माथे पर तिलक लगाओ। किसी को परेशानी है तो बताओ। गोमाता की रक्षा करो, किसी को परेशानी है तो बताओ।'
'सनातन से प्रेम है तो राम-कृष्ण को मन में बसाएं'
भाजपा विधायक ने कहा कि यदि किसी को हिंदू धर्म और सनातन से लगाव है तो वह रहीम और रसखान की तरह राम और कृष्ण को अपने मन में स्थान दे। उन्होंने राम, कृष्ण, महावीर और गौतम बुद्ध को भारतीय परंपरा के महापुरुष बताते हुए सनातन को स्वीकार करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोगों के पूर्वज भी इसी देश से जुड़े हैं और उनका डीएनए भी इसी देश का है।
'गरबा को तमाशा बनाया तो नौजवान प्रतिकार के लिए तैयार'
रामेश्वर शर्मा ने गरबा आयोजनों में कथित तौर पर 'लव जिहाद' की कोशिश किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि गरबा को तमाशा बनाने की कोशिश हुई तो नौजवान प्रतिकार के लिए तैयार हैं।
उन्होंने युवाओं से माता-पिता की सेवा और बहनों की सुरक्षा करने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें जगदंबा का आशीर्वाद लेकर 'राक्षसों' का अंत करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
आरिफ मसूद ने कहा- 'बहुत गंदा और घटिया बयान'
रामेश्वर शर्मा के 'बहन-बेटियों' संबंधी बयान पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि रामेश्वर शर्मा का बयान 'बहुत गंदा और घटिया' है।
मसूद ने कहा, 'मैं इतना ही कहूंगा कि सुधर जाओ। बदतमीजियां मत करो। इतना गंदा बयान अपने मुंह से मत उगलो।'
गरबा आयोजनों में पहचान को लेकर पहले भी उठते रहे हैं सवाल
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में गरबा आयोजनों के दौरान मुस्लिम युवाओं की भागीदारी को लेकर हिंदू संगठनों और कुछ राजनीतिक नेताओं की ओर से सवाल उठते रहे हैं। कुछ आयोजकों और संगठनों की ओर से प्रवेश के दौरान पहचान-पत्र जांच की मांग भी की जाती रही है। दूसरी ओर, ऐसे बयानों और मांगों को लेकर विपक्षी दलों की ओर से आपत्ति भी जताई जाती रही है।
