भोपाल के VIP इलाके में चंदन चोरी: IAS अधिकारी के बंगले से पेड़ काटकर ले गए चोर; बाजू में DGP का बंगला
भोपाल के अति-सुरक्षित चार इमली इलाके में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के बंगले से चंदन का पेड़ चोरी हो गया। ...और पढ़ें

चंदन का पेड़ काटकर ले गए चोर।
HighLights
भोपाल के चार इमली में चंदन का पेड़ चोरी।
आईएएस अधिकारी विवेक पोरवाल के बंगले से घटना।
वीआईपी क्षेत्र की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के अति-सुरक्षित वीआईपी क्षेत्र चार इमली में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के बंगले के ठीक पास स्थित वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक पोरवाल(प्रमुख सचिव खनन) के बंगले से चोरों ने चंदन का पेड़ काटकर चुरा लिया। घटना मंगलवार तड़के दो से सवा तीन बजे के बीच की बताई जा रही है, अज्ञात चोर बंगले के परिसर में घुसे, चंदन के पेड़ को काटा और उसके मुख्य तने को लेकर फरार हो गए, जबकि टहनियों और बाकी हिस्सों को वहीं छोड़ दिया।
शिकायत मिलने के बाद हबीबगंज थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में इलाके में तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। इनमें से दो आरोपित बंगले के भीतर घुसे थे, जबकि तीसरा बाहर निगरानी कर रहा था। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीमों को लगाया गया है। चंदन चोरी के पुराने बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
चार इमली और 74 बंगले में पहले भी हो चुकी सुरक्षा में चूक
चार इमली और 74 बंगले जैसे इलाकों में राज्य के वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस अधिकारी, मंत्री और राजनेता रहते हैं। इसके बावजूद यहां लगातार चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इन वीआईपी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्व में हुई चोरी की प्रमुख घटनाएं
4 अप्रैल 2026: 74 बंगले स्थित मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास के स्टोर रूम का ताला तोड़कर चोर ट्रांफियां और स्मृति चिन्ह चुरा ले गए।
4 दिसंबर 2025: विधानसभा परिसर के भीतर से चंदन का पेड़ काट लिया गया।
28 नवंबर 2025: गुफा मंदिर परिसर (कोहेफिजा) से तीन चंदन के पेड़ चोरी हुए।
3-9 नवंबर 2025: चार इमली में डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह के बंगले से लाखों के जेवरात चोरी हुए।
23 सितंबर 2025: चार इमली में ही वाक कर रहे वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी का मोबाइल बाइक सवार झपट ले गए।
22 जनवरी 2025: एसीएस अनुपम राजन के चर इमली स्थित बंगले में घुसने का प्रयास।
12-13 अगस्त 2024: पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के बंगले की दीवार लांघकर नकदी और जेवर चोरी।
2020-2021 में तत्कालीन मंत्री मीना सिंह के बंगले से टीवी चोरी, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव व जीतू पटवारी के बंगलों तथा चर इमली पार्क से चंदन के पेड़ काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।