प्यार के 'प्रपोजल' से ठगी का 'प्रोजेक्ट'... भोपाल में इंस्टा फ्रेंड ने किशोरी से उसी के घर में करवाई लाखों की चोरी
भोपाल में एक 16 वर्षीय किशोरी इंस्टाग्राम दोस्त की ब्लैकमेलिंग का शिकार हुई, जिसने पहले प्यार का झांसा दिया और ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
इंस्टाग्राम दोस्त ने किशोरी को प्यार के जाल में फंसाया।
ब्लैकमेल कर घर से नकदी और गहने चोरी करवाए।
तीन आरोपितों पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंटरनेट मीडिया पर हुई दोस्ती भोपाल के एक कारोबारी परिवार की 16 वर्षीय किशोरी के लिए मुसीबत बन गई। पहले प्यार की मीठी बातें, फिर मुलाकातें और फिर भावनात्मक रिश्ते की दुहाई देकर युवक ने अपनी 'मजबूरियां' गिनाईं और मदद के नाम पर रुपये मांगे। किशोरी के इन्कार करने पर वह ब्लैकमेलिंग पर उतर आया।
उसने दोस्ती की बात माता-पिता को बताने की धमकी दी और घर में चोरी करने का दबाव बनाया। डर के कारण किशोरी ने घर से नकदी और मां के गहने लाकर उसे सौंप दिए। घर में चोरी की भनक लगने पर पूछताछ हुई तो किशोरी ने पूरी घटना बता दी। कोतवाली पुलिस ने युवक और उसके दो दोस्तों के खिलाफ छेड़छाड़, रंगदारी और पॉक्सो एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
शादी का वादा, फिर 'वकील की फीस' का बहाना
पुलिस के अनुसार, कोहेफिजा क्षेत्र की रहने वाली छात्रा कक्षा 11वीं में पढ़ती है। अगस्त में इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान कामरान नामक युवक से हुई। चैटिंग और फोन पर बातचीत के बाद भोपाल में मुलाकातें शुरू हुईं। कामरान ने प्यार जताया, शादी का प्रस्ताव रखा और छात्रा का भरोसा जीत लिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने बताया कि उस पर अदालत में एक आपराधिक मामला विचाराधीन है। वकील को फीस देने की बात कहकर उसने छात्रा से ढाई लाख रुपये ले लिए। छात्रा इसे मदद समझती रही।
दोस्तों के सामने छेड़छाड़, फिर बदनामी की धमकी
28 सितंबर को कामरान छात्रा को कोतवाली क्षेत्र में वनीला होटल के पास ले गया, जहां उसके दोस्त अरशान और शिवरंजन पहले से मौजूद थे। आरोप है कि कामरान ने दोनों के सामने छात्रा से अश्लील छेड़छाड़ की। इसके बाद अरशान और शिवरंजन ने बदनामी का डर दिखाकर रुपये देने का दबाव बनाया। घबराई छात्रा ने किसी को बताने के बजाय घर से मां के सोने के दो कंगन लाकर आरोपितों को सौंप दिए।
हिम्मत जुटाकर बताई आपबीती
लंबे समय तक डरी-सहमी रहने के बाद जब घर से सामान गायब मिला और स्वजनों ने पूछताछ की, तब छात्रा ने पूरा घटनाक्रम बताया। शुक्रवार को वह कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अपाला सिंह ने बताया कि जांच के बाद कामरान, अरशान और शिवरंजन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों आरोपितों की तलाश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।