SIR in MP: भोपाल में वोटर लिस्ट से नाम कटवाने की साजिश? लीलाधर के नाम से ही पहुंचीं 7 आपत्तियां, पूछा तो बोला- मैंने तो एक भी नहीं लगाई
भोपाल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए फर्जी आपत्तियों का मामला सामने आया है। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में ल ...और पढ़ें

मप्र में मतदाता सूची शुद्धीकरण की प्रक्रिया जारी है। (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण के दौरान मतदाता सूची को लेकर चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं। नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई और दावा-आपत्तियों के परीक्षण के बीच अब झूठी आपत्तियां दर्ज कर मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश का आरोप लगा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि जिन लोगों के नाम से आपत्तियां लगाई जा रही हैं, उन्हें इसकी कोई जानकारी तक नहीं होती। जब उन्हें पता चलता है कि उनके नाम से किसी अन्य मतदाता का नाम कटवाने की आपत्ति दर्ज है, तो वे हैरान रह जाते हैं और साफ शब्दों में इससे इनकार कर रहे हैं।
दक्षिण-पश्चिम विधानसभा से सामने आया मामला
ऐसा ही एक मामला दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से सामने आया है। यहां लीलाधर नामक व्यक्ति के नाम से सात आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इन आपत्तियों में बुशरा, नाजिम कुरैशी, जावेद खान, शानू खान, सजरा, हुमा खान और शबाना बानो के नाम मतदाता सूची से हटाने की मांग की गई है। कारण बताया गया है कि ये मतदाता अनुपस्थित हैं।
हालांकि, कोटरा सुल्तानाबाद निवासी लीलाधर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्होंने एक भी आपत्ति दर्ज नहीं करवाई और न ही किसी का नाम कटवाने की मांग की है।
जिले में 9 हजार से ज्यादा आपत्तियां
जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में अब तक फॉर्म नंबर-7 के तहत करीब 9,037 आपत्तियां दर्ज की जा चुकी हैं। एसआईआर के दौरान कुल 16 लाख 87 हजार 33 मतदाताओं के गणना पत्रक डिजिटाइज किए गए हैं, जबकि 4 लाख 38 हजार 317 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। वहीं 1 लाख 16 हजार 925 मतदाता नो मैपिंग श्रेणी में रखे गए हैं, जिनकी सुनवाई 85 हेल्प डेस्क पर 90 एईआरओ कर रहे हैं।
खबरें और भी
नाम किसी का, मोबाइल नंबर किसी और का
फर्जी आपत्तियों में गड़बड़ी का एक और मामला सामने आया है। फॉर्म नंबर-7 में कई जगह आपत्तिकर्ता का नाम किसी और का और मोबाइल नंबर किसी तीसरे व्यक्ति का दर्ज है।
दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकेस सिंह के नाम से शबाना बी और धम्मन बी का नाम कटवाने की आपत्ति दर्ज की गई, लेकिन उसमें मोबाइल नंबर एक भाजपा नेता का लिखा गया, जिनका इस आपत्ति से कोई लेना-देना नहीं है।
कांग्रेस ने की शिकायत
कांग्रेस नेता मोनू सक्सेना ने आरोप लगाया है कि दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए फर्जी आपत्तियां दर्ज करवाई जा रही हैं। उन्होंने इस संबंध में पहले ही टीटीनगर एसडीएम और रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अर्चना शर्मा को लिखित शिकायत देकर विरोध दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में महज 400 रुपये लेकर आरोपितों को जमानत दिलवाने वाला फर्जी जमानतदार गिरफ्तार, बनवा रखे थे जाली दस्तावेज
प्रशासन का आश्वासन, जांच के बाद ही होगा नाम विलोपित
उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि फॉर्म नंबर-7 के तहत प्राप्त हर आपत्ति की गहन जांच की जा रही है। बीएलओ मौके पर जाकर मतदाता की पहचान करते हैं। यदि मतदाता नहीं मिलता, तो उसे नोटिस जारी कर जवाब देने का अवसर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर परीक्षण के बाद ही किसी का नाम मतदाता सूची से हटाया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र मतदाता के साथ अन्याय न हो।