भोपाल में कचरा ट्रांसफर स्टेशन में लगी भीषण आग, 10 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, रातभर दहशत में रहे रहवासी
भोपाल के अन्ना नगर स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिस पर 10 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि स्टेशन में रखा कचरा जलकर खाक हो गया और रहवासी रातभर दहशत में रहे।

कचरा ट्रांसफर स्टेशन में लगी आग।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। शहर के अन्ना नगर इलाके में स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर दमकल मौके पर पहुंची और करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान स्टेशन में रखा कचरा पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका था। नगर निगम के फायर अधिकारी सौरभ पटेल का कहना है कि सूचना मिलते ही मौके पर सभी फायर स्टेशनों से दमकलों को रवाना कर दिया गया था। आग पर काबू पा लिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
11 स्टेशनों से भेजी दमकलें
जानकारी के अनुसार अन्ना नगर स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात 12 बजे आग भड़क उठी। स्टेशन से आग की लपटें उठते देख लोगों ने फायर कंट्रोल रूम को दी। जानकारी मिलते ही गोविंदपुरा, फतेहगढ़, संत हिरदाराम नगर, कोलार, गांधीनगर समेत सभी 11 फायर स्टेशनों से दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया गया था। 50 से अधिक दमकल व पानी के टैंकरों की मदद से 10 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।

रीसाइकलिंग यूनिट से फैली आग
बताया जा रहा है कि कचरा ट्रांसफर स्टेशन में रीसाइकलिंग वाले कपड़ों का ढेर लगा था। यह करीब 150 टन था। वहीं, 25 टन कचरा भी था। रिसाइकलिंग यूनिट में सबसे पहले आग लगी थी, जो करीब एक महीने से बंद पड़ा था। हालांकि, आग कैसे लगी इसका खुलासा नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें- MP में खाली पड़ी सरकारी जमीन बेचने के बजाय उद्योगों को देगी सरकार, निवेशकों के लिए सुनहरा मौका
दहशत में रातभर नहीं सोए रहवासी
अन्ना नगर में यह कचरा प्लांट मुख्य रोड से कुछ ही दूरी पर स्थित है। ऐसे में भीषण आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग रात भर सो नहीं सके। भीषण आग होने की वजह से फायर ब्रिगेड, नगर निगम और पुलिस बल सुरक्षा के मद्देनजर रविवार सुबह तक मौके पर तैनात रहे। वहीं कुछ दमकलों को भी तैनात किया गया है।
