'इन्हें मेरा शरीर छूने मत देना', छिंदवाड़ा की महिला ने आत्महत्या से पहले हाथ-पैरों पर मेहंदी से लिखा सुसाइड नोट
छिंदवाड़ा में 32 वर्षीय प्रीति वर्मा ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने हाथ-पैरों पर मेहंदी से सुसाइ ...और पढ़ें
-1783894949410_m.webp)
HighLights
प्रीति वर्मा ने ससुराल की प्रताड़ना से की आत्महत्या।
हाथ-पैरों पर मेहंदी से लिखा अनोखा सुसाइड नोट।
पुलिस मेहंदी को मृत्यु पूर्व बयान मानकर कर रही जांच।
नईदुनिया, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 32 वर्षीय प्रीति वर्मा ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्मघाती कदम उठा लिया। आत्महत्या से पहले प्रीति ने सुसाइड नोट कागज, कपड़े, दीवार या जमीन पर नहीं लिखा बल्कि हाथ-पैरों पर मेहंदी से लिखा। इसमें प्रीति ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। विषाक्त पदार्थ खाने के बाद उसे शुक्रवार को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। रविवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, संभव है कि प्रीति को अंदेशा रहा होगा कि कागज या दीवार पर लिखा सुसाइड नोट ससुराल वाले नष्ट कर सकते हैं लेकिन हाथ-पैरों पर लगाई मेहंदी नहीं। अब पुलिस इन्हीं लिखी बातों को ही मृत्यु पूर्व बयान मानकर केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
बता दें कि प्रीति वर्मा का विवाह वर्ष 2013 में लखन वर्मा से हुआ था। प्रीति ने मेहंदी से हाथ-पैरों में लिखा कि इन्हें कभी जीवन में जेल से बाहर नहीं आने देना चाहिए। ये मुझे मां-बहन की गालियां देते थे। जेठ-जेठानी कोई मुझे छूने तक नहीं देते थे। इसकी मां ने बहुत बातें सुनाई हैं। फोन में रिकार्डिंग हैं।
पांच लोग हैं, इन्हें मेरा शरीर छूने नहीं देना। चौरई के थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले का कहना है कि प्रीति वर्मा के मेहंदी लगे हाथ और पैरों की फोटो और वीडियोग्राफी कराई गई है। इसे ही मृत्यु पूर्व बयान मानकर जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
खबरें और भी
प्रीति के भाई हरिओम जंघेला व माता के अनुसार, लंबे समय से ससुराल पक्ष के लोग प्रीति को प्रताड़ित कर रहे थे, इस बारे में दो-तीन बार थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन हर बार पति लखन वर्मा समझौते का भरोसा देकर वापस चला जाता था और फिर प्रताड़ना शुरू हो जाती। लगातार परेशान होकर प्रीति ने ये कदम उठाया। इस संबंध में जब चौरई के थाना प्रभारी चर्चा की गई तो उन्होंने ऐसे किसी भी शिकायत से इनकार कर दिया।