यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Madhya Pradesh: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- बच्चों की चिंता करने की जरूरत नहीं, मामा भरवाएगा फीस
प्रदेश में जनजाति वर्ग के 260 बच्चे जेईई नीट और क्लेट की परीक्षा में सफल हुए हैं। जनजाति की महिलाओं से संवाद करने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको ...और पढ़ें

भोपाल, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में जनजाति वर्ग के 260 बच्चे जेईई, नीट और क्लेट की परीक्षा में सफल हुए हैं। इनकी फीस मामा भरवाएगा। चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति की महिलाओं के खातों में पोषषण आहार के 23 करोड़ 35 लाख रुपये सिंगल क्लिक से अंतरित करने के बाद कही। उन्होंने महिलाओं से विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति की महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन से मामा खुश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आहार अनुदान योजना अंतर्गत दो लाख 33 हजार 570 परिवारों की महिला मुखियाओं को पोषषण भत्ता 2017 से दे रहे हैं। एक-एक हजार रपये प्रतिमाह खातों में जमा किए जा रहे हैं। इसका मकसद यह है कि सभी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। इस वर्ष प्रदेश में जनजाति वर्ग के बच्चों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। पढ़-लिखकर निश्चित ही बड़े पदों पर पहुंचेंगे। आपको फीस के लिए चिंतित होने की जरूरत नहीं है। मामा शिवराज सिंह चौहान फीस भरवाएगा।
पोषण आहार की राशि पर लिया जायजा
हम शिक्षा के लिए निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें, साइकिल, गणवेश, छात्रवृत्ति आदि की सुविधाएं दे रहे हैं। प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर कौशल एवं सांस्कृतिक केंद्र खोलने का काम किया जा रहा है, जिससे उनकी प्रतिभा में वृद्घि होगी। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि आपको पोषण आहार की राशि नियमित रूप से मिल रही है या नहीं। इसमें कोई परेशानी तो नहीं है। इसके उत्तर में महिलाओं ने कहा कि नियमित राशि मिल रही है और बैंक से राशि निकालने में भी परेशानी नहीं होती है।
आवास के लिए दिया भरोसा
जनजाति की महिलाओं से संवाद करने के दौरान गुना जिले की गीता बाई ने कहा कि उन्हें अभी आवास नहीं मिला है। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आवास उपलब्ध करा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को कुनो पालपुर आ रहे हैं। वे स्व-सहायता समूह की बहनों से संवाद करेंगे। समूह बहनों की जिंदगी बदलने का यह माध्यम है।