विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांवों में मकानों की होगी पक्की रजिस्ट्री, बैंक ऋण लेने की राह भी खुलेगी; CM मोहन ने किया स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान का शुभारंभ

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:28 PM (IST)

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुरैना से मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना का शुभारंभ किया, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों की निःशुल्क ...और पढ़ें

मुरैना की बानमोर तहसील के ग्राम करुआ में ग्रामीणों से चर्चा करते सीएम डॉ. मोहन यादव। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

मुरैना की बानमोर तहसील के ग्राम करुआ में ग्रामीणों से चर्चा करते सीएम डॉ. मोहन यादव। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुरैना से योजना का शुभारंभ किया।

  2. ग्रामीणों को अपने मकानों की निःशुल्क पक्की रजिस्ट्री मिलेगी।

  3. पक्की रजिस्ट्री से उनके लिए बैंक से ऋण लेना भी आसान होगा।

डिजिटल डेस्क, मुरैना। प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में पुश्तैनी और आबादी की जमीन पर बने मकानों को अब कानूनी पहचान मिलने जा रही है। धनतेरस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना जिले के ग्राम करुआ से मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान की शुरुआत की। इस योजना के जरिए ग्रामीणों को उनके मकानों की नि:शुल्क पक्की रजिस्ट्री कराकर वैध मालिकाना हक दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने ऐसे 50 लाख मकानों की रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से आबादी की जमीन पर बने मकानों की पक्की रजिस्ट्री नहीं होना बड़ी समस्या रही है। लोग अपनी जमा पूंजी खर्च कर मकान तो बना लेते थे, लेकिन उनके पास स्वामित्व साबित करने के लिए पंजीकृत दस्तावेज नहीं होते थे। इसका खामियाजा उन्हें आर्थिक जरूरत के समय भुगतना पड़ता था। बैंक भी संपत्ति के वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण मकान के आधार पर ऋण देने से बचते थे।

अब मकान के दस्तावेजों पर मिल सकेगा बैंक लोन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को संपत्ति का अधिकार दिलाने की पहल की है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के जरिए इसे आगे बढ़ा रही है। पक्की रजिस्ट्री होने से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का कानूनी प्रमाण मिलेगा। इसके आधार पर वे जरूरत पड़ने पर बैंक से ऋण भी ले सकेंगे।

घर-घर पहुंच रहे मालिकाना हक के दस्तावेज

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन, तहसीलदार और पटवारी मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। जिन गांवों में 80 से 100 प्रतिशत तक रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं, वहां जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर हितग्राहियों को स्वामित्व दस्तावेज वितरित कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक अधिकार मिल सके।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में पदोन्नति के बाद अब अनुकंपा नियुक्ति के लिए चलेगा अभियान, 16 हजार लंबित मामलों के निराकरण की तैयारी

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, चंबल संभाग आयुक्त मनोज खत्री और कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

CM morena BJP office ina 21415

मुरैना में भाजपा के संभागीय कार्यालय का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना के वीआईपी रोड पर बने भाजपा के पांच मंजिला संभागीय कार्यालय का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी का धन उसके कार्यकर्ता हैं और धनतेरस पर कार्यकर्ताओं को अपना घर मिला है। कार्यालय ऐसा केंद्र बने, जहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान का भरोसा हो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।