विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'कांग्रेस ने तीनों लोकों में किए घोटाले', भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने INDI गठबंधन के नेताओं पर जमकर साधा निशाना

Published: Tue, 23 Apr 2024 09:57 PM (IST)

जेपी नड्डा ने कहा कि आइएनडीआइए के आधे नेता या तो जेल में हैं या बेल पर हैं। पीएम मोदी ...और पढ़ें

जेपी नड्डा ने कांग्रेस और आइएनडीआइए के नेताओं पर जमकर किया प्रहार।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस और आइएनडीआइए के नेताओं पर जमकर किया प्रहार।

जेएनएन, भोपाल। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की टीकमगढ़, सतना और रीवा में तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी आइएनडीआइए के नेताओं पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तीनों लोकों में घोटाले किए हैं। कांग्रेस ने न अंतरिक्ष को छोड़ा, न आसमान को, न समुद्र को, न धरती को और न ही पाताल को।

भ्रष्टाचारियों को बचाने में लगा विपक्ष

जेपी नड्डा ने आइएनडीआइए पर निशाना साधते हुए कहा कि गठबंधन के आधे नेता या तो जेल में हैं या बेल पर हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भ्रष्टाचार हटाने की बात करते हैं, वहीं आइएनडीआइ के लोग भ्रष्टाचारियों को बचाने में लगे हुए हैं। सोनिया गांधी को जहां राहुल व प्रियंका दिखाई देते हैं, वहीं फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, केसीआर, लालू यादव, उद्धव ठाकरे सब अपने परिजनों को राजनीति में सेट करना चाहते हैं।

भारतीय अर्थव्यवस्था को लगे पंख

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 10 वर्षों में मोदी सरकार ने ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ते हुए देश को पांचवें पायदान पर पहुंचा दिया है। केंद्र में स्थिर सरकार होती है तो निर्णय भी बड़े लिए जाते हैं। मैं बचपन से सुनता था, एक देश दो निशान दो विधान व दो प्रधान नहीं चलेगा। भाजपा सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म कर एक देश एक निशान एक विधान एक प्रधान के सपने को सच कर दिखाया है। 10 वर्ष पहले हम गणेशजी की पूजा करते थे, वह प्रतिमा चीन से आती थी। अब इस क्षेत्र में भारत दुनिया के तीसरे नंबर पर पहुंच गया है।

अब पिछड़ा नहीं बुंदेलखंड

पहले मोबाइल फोन पर मेड इन चाइना, मेड इन कोरिया, मेड इन जापान लिखा रहता था। अब मेड इन इंडिया लिखा होता है। एप्पल जैसी कंपनी भी मोबाइल का निर्माण भारत में करने लगी है। 1997 में हमने पालमपुर में कहा था कि राम मंदिर बनवाने का काम करेंगे। विरोधी मजाक उड़ाते थे, 22 जनवरी को पीएम मोदी ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी थे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को कांग्रेस पिछड़ा मानती थी, लेकिन भाजपा की सरकार ने केन-बेतवा लिंक जैसी योजनाएं स्वीकृत कीं। अब बुंदेलखंड पिछड़ा नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।