विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में सड़कों पर उतरीं सीएम सुगम परिवहन सेवा की 351 बसें; गडकरी बोले- RTO अधिकारी 'गांधीवादी', गांधीजी के नोट देखकर करते हैं काम

Published: Fri, 25 Sep 2026 06:07 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 08:58 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 351 नई बसों का शुभारंभ हुआ, जिसमें 180 इलेक्ट्रिक बसें शामिल ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व सीएम डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व सीएम डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में 351 बसों के साथ मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का हुआ उद्घाटन।

  2. गडकरी ने आरटीओ अधिकारियों को 'गांधीवादी' कहकर भ्रष्टाचार पर साधा निशाना।

  3. पीएम ई-बस सेवा की 180 इलेक्ट्रिक बसें मध्य प्रदेश के सात शहरों में चलेंगी।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। एक, दो या तीन नहीं बल्कि 21 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के नागरिकों को सरकारी नियंत्रण की बसें मिल ही गईं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने उद्घाटन किया। 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसमें पीएम ई-बस सेवा की 180 इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं। इनमें इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसें भोपाल-इंदौर समेत सात शहरों में चलेंगी। राज्य सरकार का पहले साल 1,500 और वर्ष 2031 तक कुल 15 हजार बसें चलाने का लक्ष्य है।

गडकरी के बेबाक बोल

उद्घाटन समारोह में नितिन गडकरी ने कई बार खरी-खरी सुनाई। उन्होंने तंज कसा कि बहुत से आरटीओ अधिकारी 'गांधीवादी' है यानी गांधी के नोट देखकर ही काम करते हैं। मैं मध्य प्रदेश के परिवहन मंत्री (उदय प्रताप सिंह) से आग्रह करता हूं कि विभाग में कितना भ्रष्टाचार है, यह पता कराइए।

उन्होंने कहा कि देश के वायु प्रदूषण में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी ट्रांसपोर्ट सेक्टर की है, इस हिसाब से इसके लिए मैं भी जिम्मेदार हूं। मध्य प्रदेश में मंत्री जिम्मेदार हैं। नितिन गडकरी ने ऑल इंडिया बस एंड कार कंफेडरेशन के प्रेसिडेंट प्रसन्ना पटवर्धन से चेतावनी देते हुए कहा कि आपकी बसें अपेक्षित गुणवत्ता की नहीं हैं। कंपनी वालों से कहिए सुधार करें नहीं तो जैसे सड़क ठेकेदारों को रगड़ने का काम करता हूं। वैसे ही आपके क्षत्रपों को रगड़ूंगा।

19 देशों में हो रहा ई-20 पेट्रोल का इस्तेमाल

उन्होंने ई-20 पेट्रोल को लेकर कहा कि भारत ही नहीं अमेरिका, जापान और जर्मनी जैसे 19 देशों में इसका उपयोग हो रहा है। भारत में चार करोड़ चार पहिया और 20 करोड़ दो पहिया वाहनों में ई-20 पेट्रोल डाला जाता है, एक भी वाहन में समस्या नहीं आई। एक रिपोर्ट के अनुसार इससे तो माइलेज भी बढ़ा है। इससे किसान अन्नदाता ही नहीं ऊर्जादाता बना है। आगामी माह में 100 प्रतिशत एथेनॉल इंजन के वाहन भी देश में आएंगे।

यह भी पढ़ें- MP में 21 साल बाद फिर लौटी सरकारी बस सेवा, 351 बसों से शुरुआत; भोपाल से गडकरी-मोहन यादव ने किया शुभारंभ

हमारी सरकार जनता के फैसलों से चलती है : डॉ. मोहन यादव

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में राज्य परिवहन की बसें कबाड़ हो गई थीं। भाजपा सरकार में प्रदेश में पांच लाख किमी से ज्यादा सड़कें बन चुकी हैं, राष्ट्रीय राजमार्ग का जाल बिछा है और अब बसों से गांवों को भी जोड़ेंगे। 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने का लक्ष्य है, लेकिन राजकुमार (राहुल गांधी) है कि मानता नहीं। उनका सोच है कि हम पैदा ही इसलिए हुए हैं कि प्रधानमंत्री बनना है, हमारे घर से ही सरकार चलनी चाहिए। यह लोकतंत्र है, जनता फैसले करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार फाइलों से नहीं जनता के फैसलों से चलने वाली है। यह निर्णय रातोंरात नहीं हुआ। वर्ष 2025 में कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया। तीन हजार से ज्यादा लोगों का सर्वे हुआ। सरकारी बसों का चलना कांग्रेस की छाती पर सांप लौटने के बराबर है। कांग्रेस के जमाने में परिवहन सेवा को खत्म करने का काम षड्यंत्रपूर्वक हुआ।

राज्य परिवहन निगम की शुरुआत उनके जमाने में हुई, लेकिन एक-एक कर सिस्टम को बिगड़ाने का काम किया। अब भाजपा सरकार में विकास कार्य हो रहे, तब भी नेता प्रतिपक्ष हाय-हाय कर रहे हैं। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।