विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Instagram वीडियो ने बनाया कातिल! 1.20 करोड़ में अंडकोष बेचने की सनक में 14 साल के बालक की हत्या... भोपाल में खौफनाक वारदात

Updated: Mon, 17 Aug 2026 10:12 PM (GMT+05:30)

भोपाल में तीन नाबालिगों समेत पांच आरोपितों ने एक बालक की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि वे उसके अंडकोष निकालकर बेचना चाहते थे। एक आरोपित ने वीडियो देखा था, जिसमें 1.20 करोड़ रुपये में अंडकोष बेचने का दावा किया गया था।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. आरोपित 100 रुपये का लालच देकर बालक को सुनसान जगह ले गए।

  2. बीबीए छात्र ने तीन नाबालिग समेत चार साथियों से कराई वारदात।

  3. खरीदार नहीं मिले तो उन्होंने अंडकोष को भी तालाब में फेंक दिया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो देखकर 1.20 करोड़ रुपये में अंडकोष बेचने की कोशिश में तीन नाबालिग समेत पांच युवकों ने 14 वर्षीय रेहान की हत्या कर दी। आरोपितों ने 100 रुपये देने का लालच देकर बालक को सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव छोटे तालाब में फेंक दिया।

इसके बाद आरोपितों ने उसके अंडकोष निकालकर खरीदार तलाशने की कोशिश की। तीन दिनों तक सौदा नहीं होने पर उसे भी तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में सभी आरोपितों को पकड़ लिया है।

इंटरनेट मीडिया पर वीडियो देख बनाया खतरनाक प्लान

वारदात का मास्टरमाइंड शहर के तलैया इलाके में रहने वाला बीबीए छात्र जोहेब खान है। पूछताछ में जोहेब ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा था। इसमें एक व्यक्ति को बेहोश कर उसके अंडकोष निकालने और उन्हें 1.20 करोड़ रुपये तक में बेचने का दावा किया गया था। बताया जा रहा है कि यह कोई पाकिस्तानी वीडियो था।

जोहेब ने यह वीडियो अपने 18 वर्षीय दोस्त आमिर कुरैशी को भी दिखाया। इसके बाद उसने तीन नाबालिगों को साजिश में शामिल किया। वह नाबालिगों के सामने डॉक्टर बनकर जाता था। सड़कों पर सामान बेचने वाले या बेसहारा बच्चों को निशाना बनाने की योजना बनाता था।

10 अगस्त को मिला था शव, टैटू से हुई पहचान

विवेचना कर रहे एसीपी संतोष पटेल ने बताया कि 10 अगस्त को छोटे तालाब में बालक का शव उतराता दिखा था। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इधर, मृतक की मां ने तलैया थाने में उसके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसे शव की जानकारी दी।

शव की स्थिति खराब होने के बावजूद शरीर पर बने ‘शंकर’ नाम के टैटू से उसकी पहचान हो सकी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की और संदिग्धों की जानकारी जुटाते हुए आरोपितों तक पहुंच गई।

यह भी पढ़ें- त्विषा मौत केस में CBI ने अदालत में पेश की चार्जशीट, गिरिबाला-समर्थ के खिलाफ दहेज हत्या, घरेलू हिंसा समेत कई गंभीर आरोप

दोस्त को भी बनाया था निशाना

जांच में पुलिस को एक और चौंकाने वाली जानकारी मिली। नाबालिग आरोपितों में से एक ने तीन अगस्त को अपने ही दोस्त को इसी तरह निशाना बनाया था, लेकिन उसकी किस्मत अच्छी थी जो वह बच गया। आरोपित उसे सुनसान जगह ले गए और जमीन पर गिराकर उसका गला दबाया। इसके बाद चाकू निकालकर उसकी हत्या करने की तैयारी की गई। युवक किसी तरह आरोपितों के चंगुल से निकलकर भाग गया था। वह डर के कारण पुलिस के पास नहीं गया था, लेकिन अब थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।