खातेगांव TI हत्याकांड: बलिदानी के पिता का छलका दर्द- बेटे की हत्या की CBI जांच हो, दोषियों को फांसी मिले
देवास के खातेगांव में ड्यूटी के दौरान बलिदान हुए टीआई दिलीप पुरी का उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के ...और पढ़ें

HighLights
शहीद टीआई दिलीप पुरी का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार हुआ।
पिता ने बेटे की हत्या की सीबीआई जांच की मांग की।
परिवार ने पत्नी को कार्यालयीन पद पर इंदौर में नियुक्ति चाही।
डिजिटल डेस्क, देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे ट्रक को रोकने के दौरान बलिदान हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी का सोमवार को उनके पैतृक गांव बरमंडल (धार) में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पारिवारिक परंपरा और सामाजिक मान्यताओं के अनुसार उन्हें मुखाग्नि देने के बजाय भू-समाधि दी गई। उनके बेटे ने निर्धारित स्थल पर पार्थिव शरीर को भू-समाधि देने की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी अधिकारी को अंतिम सलामी दी।
अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। संभागायुक्त भास्कर लक्षकार, इंदौर रेंज के आईजी अनुराग, धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पिता की मांग- CBI करे जांच, दोषियों को मिले फांसी
अंतिम संस्कार के दौरान बलिदानी के परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। पिता ओमप्रकाश पुरी ने बेटे की मौत को सुनियोजित हत्या बताते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा देने और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
भावुक पिता ने बताया कि दिलीप गांव के बच्चों को पढ़ाने में भी रुचि रखते थे। उनके पढ़ाए कई बच्चे आज अलग-अलग उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, बहन दीपिका गोस्वामी ने बताया कि माता-पिता ने पांचों भाई-बहनों की पढ़ाई के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी। दिलीप उनमें सबसे होनहार थे।

परिजनों ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति और दिलीप के दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी का हवाला देते हुए सरकार से न्याय और परिवार के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
पत्नी को इंदौर में कार्यालयीन पद देने की मांग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहले ही बलिदानी के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और पत्नी कविता पुरी को अनुकंपा नियुक्ति के तहत सब-इंस्पेक्टर (SI) बनाने की घोषणा की है।
हालांकि, परिवार ने नियुक्ति को लेकर कुछ बदलावों का आग्रह किया है। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों ने आईजी अनुराग से मुलाकात कर मांग की कि कविता पुरी को फील्ड ड्यूटी वाले एसआई पद के बजाय कार्यालयीन संवर्ग में नियुक्ति दी जाए। साथ ही उनकी पोस्टिंग उज्जैन संभाग के बजाय इंदौर संभाग में करने का अनुरोध किया गया, ताकि वह बच्चों की देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारियां बेहतर तरीके से निभा सकें।

परिजनों की मांगें शासन को भेजेंगे: आईजी
इंदौर रेंज के आईजी अनुराग ने बताया कि परिजनों ने सीबीआई जांच, पत्नी की नियुक्ति के स्वरूप में बदलाव और इंदौर संभाग में पदस्थापना का प्रस्ताव रखा है। इन सभी मांगों को आगे के निर्णय के लिए राज्य शासन को भेजा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- खातेगांव TI दिलीप पुरी के परिवार को एक करोड़ की सहायता, पत्नी को मिलेगी SI की नौकरी; CM मोहन यादव का ऐलान
आईजी ने कहा कि इस कठिन समय में पुलिस विभाग पूरी तरह बलिदानी के परिवार के साथ खड़ा है। शासन स्तर पर परिजनों के प्रस्तावों पर निर्णय लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।