MP में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 16 मार्च तक स्थगित, सरकार के आश्वासन पर लिया निर्णय
मध्य प्रदेश में जूनियर डॉक्टरों ने अपनी लंबित स्टाइपेंड संशोधन और एरियर भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल को 16 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया है। उपमुख्य ...और पढ़ें

जूनियर डॉक्टरों ने टाली हड़ताल (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में लंबित स्टाइपेंड संशोधन और एरियर भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर गए जूनियर डॉक्टरों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के साथ हुई बैठक के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) ने हड़ताल को 16 मार्च तक टालने का निर्णय लिया है।
सोमवार को सुबह 9 बजे से शुरू हुई यह हड़ताल शाम 5 बजे तक जारी रही, जिसके कारण कई सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी सेवाएं और जनरल सर्जरी प्रभावित रहीं। सरकार की ओर से लंबित स्टाइपेंड संशोधन और एरियर के जल्द भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद जेडीए ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।
जेडीए की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि बैठक में जूनियर डॉक्टरों की सभी लंबित मांगों पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई है। सरकार ने जल्द समाधान का भरोसा दिया है, जिसके चलते फिलहाल हड़ताल टालने का फैसला लिया गया है।
यह भी पढ़ें- MP में शिक्षकों को बड़ी राहत : वेतनमान-पेंशन संबंधी विवाद सुलझाने मिशन मोड में अभियान, लगेंगे विशेष शिविर
मरीजों को हुई परेशानी
हड़ताल के कारण अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मरीज सुबह से ही अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
स्टाइपेंड को लेकर विरोध
दरअसल, मध्य प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत रेसीडेंट डॉक्टर लंबे समय से लंबित स्टाइपेंड संशोधन को लेकर विरोध जता रहे हैं। जेडीए ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि हड़ताल के दौरान ऑपरेशन थिएटर में केवल अति गंभीर मरीजों को ही चिकित्सा सेवा दी जाएगी।