मध्य प्रदेश: खरगोन में नौ बच्चों की मां ने कुल्हाड़ी से की पति की हत्या, शराब पीकर करता था मारपीट
खरगोन जिले के चैनपुर में पुलिस ने तीन दिन में हत्या का खुलासा किया है। पत्नी ने घरेलू विवाद और प्रताड़ना से तंग आकर पति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी ...और पढ़ें

HighLights
चैनपुर पुलिस ने तीन दिन में हत्या का खुलासा किया।
पत्नी ने घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर पति की हत्या की।
पति शराब पीकर मारपीट करता, मायके जाने से रोकता था।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बाजार खोदरा चिरिया में हुए चर्चित हत्या कांड का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति की हत्या अज्ञात हमलावर द्वारा किए जाने की आशंका जताई जा रही थी।
उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने ही आपसी विवाद और घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर कुल्हाड़ी से कर दी थी। पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। ज्ञात हो कि मृतक के नौ बच्चे हैं। और घटना का कारण शराब के नशे में पत्नी से मारपीट करना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार गत 10 जुलाई को फरियादी भुरू निवासी डुडवे फालिया, बाजार खोदरा चिरिया ने थाना चैनपुर में सूचना दी थी कि उसके भाई डकारिया उर्फ ईडा डुडवे की रात के समय घर में घुसकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है।
सूचना पर थाना चैनपुर में अज्ञात आरोपित के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में जानकारी मिली कि मृतक ईडा और उसकी पत्नी रूमलीबाई के बीच अक्सर विवाद होता था।
इसके बाद पुलिस ने रूमलीबाई से मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की, जिसमें उसने पति की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इस दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि मृतक के किसी महिला से संबंध भी उनके बीच विवाद का कारण था।
खबरें और भी
मायके जाने से रोकता था पति
आरोपित रूमलीबाई ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था, विवाद करता था और उसे मायके व रिश्तेदारी जाने से भी रोकता था।
लंबे समय से हो रही प्रताड़ना और मानसिक तनाव के चलते उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित महिला के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में भीकनगांव एसडीओपी केतन अडलक के मार्गदर्शन व थाना प्रभारी चैनपुर गहलोद सेमलिया के नेतृत्व में एसआई अमित पंवार व एसआई अनिल निगवाल, सायबर सेल आरक्षक सचिन चौधरी, आरक्षक अभिलाष आदि शामिल रहे।