MBBS की पढ़ाई हुई महंगी, MP के प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में 1.58 लाख तक बढ़ी फीस; जानें नई दरें
मध्य प्रदेश में निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की फीस 10% तक बढ़ गई है, जबकि सरकारी कॉलेजों में कोई बदलाव नहीं। निजी बीडीएस और एनआरआई कोटे की फीस में भी बढ़ोतरी हुई है, वहीं एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 5200 हो गई है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस फीस 10% तक बढ़ी।
सरकारी मेडिकल-डेंटल कॉलेजों की फीस में कोई बदलाव नहीं।
एनआरआई कोटे की एमबीबीएस फीस 60 लाख रुपये के पार।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में NEET UG 2026-27 काउंसलिंग से पहले चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (डीएमई) ने मेडिकल और डेंटल कॉलेजों का नया शुल्क ढांचा जारी कर दिया है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों की फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि निजी कॉलेजों में एमबीबीएस की पढ़ाई पिछले साल की तुलना में करीब 10 प्रतिशत तक महंगी हो गई है। वहीं निजी बीडीएस पाठ्यक्रम की फीस में भी लगभग आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
प्रदेश के 20 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सालाना फीस 1.14 लाख रुपये तय है। इसमें शिक्षण और सुरक्षा शुल्क शामिल हैं। इंदौर के ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा शुल्क कम होने के कारण सालाना फीस 1.05 लाख रुपये रहेगी। सरकारी कॉलेजों में पिछले तीन साल से यही शुल्क लागू है।
निजी मेडिकल कॉलेजों में 1.58 लाख रुपये तक बढ़ी फीस
निजी मेडिकल कॉलेजों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी भोपाल के एलएन मेडिकल कॉलेज में हुई है। यहां एमबीबीएस की वार्षिक फीस 16.50 लाख से बढ़कर 18.08 लाख रुपये हो गई है। यानी छात्रों को अब 1.58 लाख रुपये अधिक चुकाने होंगे।
पीपुल्स मेडिकल कॉलेज भोपाल की फीस 16.30 लाख से बढ़कर 17.86 लाख, जबकि इंदौर के श्री अरबिंदो मेडिकल कॉलेज की फीस 16.40 लाख से बढ़कर 17.91 लाख रुपये हो गई है। चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल में फीस 15.90 लाख से बढ़कर 17.23 लाख रुपये हो गई है। वहीं आरके मेडिकल कॉलेज भोपाल में सबसे कम 81 हजार रुपये की वृद्धि हुई है और नई फीस 11.31 लाख रुपये तय की गई है।
निजी कॉलेजों में कितनी बढ़ी फीस
कॉलेज - 2025 - 2026 – कुल वृद्धि - प्रतिशत
एलएन मेडिकल कॉलेज, भोपाल- 16.50 लाख - 18.08 लाख - 1.58 लाख - 9.57
पीपुल्स मेडिकल कॉलेज, भोपाल- 16.30 लाख - 17.86 लाख - 1.56 लाख - 9.57
श्री अरबिंदो मेडिकल कॉलेज, इंदौर- 16.40 लाख - 17.91 लाख - 1.51 लाख, 9.21
चिरायु मेडिकल कॉलेज, भोपाल- 15.90 लाख - 17.23 लाख - 1.33 लाख - 8.36
आरके मेडिकल कॉलेज, भोपाल - 10.50 लाख - 11.31 लाख - 81 हजार - 7.71
एनआरआई कोटे की फीस 60 लाख के पार
एनआरआई कोटे से एमबीबीएस में प्रवेश लेने वाले छात्रों पर फीस का बोझ और बढ़ा है। इस साल अलग-अलग निजी कॉलेजों में एनआरआई कोटे की फीस 33.43 लाख से 60.92 लाख रुपये तक पहुंच गई है। पिछले साल यह करीब 30 से 55 लाख रुपये के बीच थी।
इंदौर के श्री अरबिंदो मेडिकल कॉलेज में एनआरआई फीस बढ़कर 60 लाख 92 हजार 700 रुपये हो गई है। इसके बाद एलएन मेडिकल कॉलेज भोपाल में 53.99 लाख और पीपुल्स मेडिकल कॉलेज भोपाल में 53.33 लाख रुपये फीस तय की गई है।
सरकारी बीडीएस फीस में बदलाव नहीं, निजी में बढ़ोतरी
डेंटल शिक्षा में भी फीस बढ़ाई गई है। प्रदेश के एकमात्र सरकारी डेंटल कॉलेज, इंदौर के गवर्नमेंट डेंटिस्ट्री कॉलेज में बीडीएस की सालाना फीस पिछले साल की तरह 1.14 लाख रुपये रहेगी।
वहीं निजी बीडीएस कॉलेजों में फीस 10 से 15 हजार रुपये तक बढ़ी है। पिछले साल जहां फीस करीब 1.85 लाख से 2.70 लाख रुपये थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 1.98 लाख से 2.85 लाख रुपये तक कर दिया गया है।
प्रदेश में एमबीबीएस की 5200 सीटें
NEET UG 2026-27 के लिए प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 5200 सीटें उपलब्ध हैं। पिछले सत्र में यह संख्या 5050 थी। यानी इस साल 150 सीटों की बढ़ोतरी हुई है।
इनमें 20 सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 3000 सीटें और 14 निजी मेडिकल कॉलेजों की 2200 सीटें शामिल हैं। सीटों में बढ़ोतरी खरगोन, मंदसौर और रतलाम के नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 50-50 सीटों तथा सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में 50 सीटें बढ़ने से हुई है।
